कासगंज जिले के सहावर थाना क्षेत्र स्थित श्री नाथ हॉस्पिटल में बुधवार शाम इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद जिले में निजी अस्पतालों में हो रही मौतों का मामला एक बार फिर गरमा गया है। इस संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) राजीब अग्रवाल ने बयान दिया कि “जिले में दो-तीन छुटपुट मौतें होती रहती हैं, जिन पर कार्रवाई भी की जाती है।” सीएमओ राजीब अग्रवाल ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी समाचार पत्रों के माध्यम से मिली है। उन्होंने श्री नाथ हॉस्पिटल की वैधता की जांच के लिए जिले की नोडल टीम के प्रभारी उत्कर्ष यादव को मौके पर भेजा है। सीएमओ बोले-अवैध अस्पतालों पर होगी कार्रवाई सीएमओ ने आश्वासन दिया कि यदि अस्पताल अवैध पाया जाता है और लापरवाही सामने आती है, तो उसे सील कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, जब उनसे श्री नाथ हॉस्पिटल के पंजीकरण के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने इसकी कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया। जिले में निजी अस्पतालों में लगातार मरीजों की मौतें हो रही हैं। पिछले छह महीनों में आधे से अधिक लोगों की मौत निजी अस्पतालों में हुई है। इनमें सबसे अधिक मौतें तहसील पटियाली क्षेत्र के अस्पतालों में दर्ज की गई हैं। परिजनों ने हंगामा किया था मृतकों के परिजनों ने इन अस्पतालों पर लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा भी किया था। कई अवैध अस्पताल सील किए गए, लेकिन बाद में फिर से खुल गए, जिससे स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही उजागर होती है। सीएमओ ने इन मौतों के लिए कुछ हद तक मृतकों के परिवार वालों को भी जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि कई बार अस्पतालों में अटेंडेंट खुद बताते हैं कि वे मरीज को गलत हालात में लेकर आए थे और डॉक्टरों के मना करने के बावजूद इलाज कराने के लिए जबरदस्ती की थी।
कासगंज में CMO बोले-दो-तीन मौतें होती रहती हैं:निजी अस्पताल में महिला की मौत पर बोले-जांच में दोषी पाए जाने पर कार्रवाई होगी
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
