किशोरी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने किया हंगामा:ग्राम प्रधान पक्ष पर हत्या का आरोप, 3 घंटे बाद शव दफन

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र के उलधन गांव में एक किशोरी की संदिग्ध मौत के बाद तनाव फैल गया। शुक्रवार शाम ग्राम प्रधान के घर में किशोरी का शव दुपट्टे से लटका मिला था। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या बताया था। हालांकि, शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि किशोरी ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव को लटकाया गया है। उन्होंने ग्राम प्रधान और किशोरी के कथित प्रेमी दीपांशु उर्फ लाला पुत्र मंगू समेत सात लोगों पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। परिजनों ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए शव को दफनाने से इनकार कर दिया। उन्होंने पंचायतघर के सामने हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए खरखौदा, किठौर और मुंडाली समेत तीन थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। सीओ किठौर प्रमोद कुमार, थाना प्रभारी खरखौदा राजपाल सिंह और एसएसआई सतीश सहित अन्य अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद, पुलिस ने परिजनों को सभी नामजद आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में किशोरी के शव को दफनाया गया। थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि ग्राम प्रधान, दीपांशु उर्फ लाला और पांच अन्य लोगों के खिलाफ परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *