मुजफ्फरनगर के चरथावल क्षेत्र स्थित दूधली गांव में चकबंदी विभाग की कथित अनियमितताओं और किसानों पर हो रहे उत्पीड़न के विरोध में चल रहा किसान मजदूर संगठन का धरना शुक्रवार को पांचवें दिन समाप्त हो गया। यह धरना प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद खत्म हुआ। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर पूरन सिंह ने शुक्रवार को गांव पहुंचकर धरने को समर्थन दिया। उन्होंने किसानों की समस्याओं को विस्तार से सुना और मौके पर मौजूद एडीएम प्रशासन संजय सिंह से बातचीत की। ठाकुर पूरन सिंह ने कहा कि चकबंदी विभाग के गलत और पक्षपातपूर्ण निर्णयों के कारण किसान मानसिक और आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। किसानों ने आरोप लगाया कि विभाग के कर्मचारियों द्वारा खेतों की माप में गड़बड़ी की जा रही है, प्रस्तावित बदलावों पर किसानों की राय नहीं ली जा रही और आपत्तियों को नजरअंदाज कर दबाव बनाकर निर्णय लागू किए जा रहे हैं। मौके पर पहुंचे एडीएम संजय सिंह ने किसानों को आश्वस्त किया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि चकबंदी से जुड़े मुद्दों के समाधान के लिए अधिकारियों की एक टीम जल्द ही गांव का दौरा कर स्थल निरीक्षण करेगी। एडीएम ने किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने का भरोसा दिया।प्रशासन द्वारा सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद किसानों ने समस्याओं के जल्द समाधान की उम्मीद जताई। इसके बाद किसान मजदूर संगठन ने अपना धरना स्थगित कर दिया।
किसानों का चकबंदी विभाग के खिलाफ धरना खत्म:डीएम के आश्वासन पर 5वें दिन समाप्त, जांच के लिए कमेटी बनीं
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
