कौशांबी के सैनी कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। अझुवा हाईवे पर तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान सैनी कोतवाली क्षेत्र के ककराली का मजरा धुमई गांव निवासी सोनू पाल (26) पुत्र इंद्रपाल के रूप में हुई है। सोनू किसी काम से अझुवा बाजार आया था और अपना काम निपटाकर घर लौट रहा था। अझुवा बाजार में कानपुर से प्रयागराज की ओर जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने सड़क पार करते समय सोनू की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना अझुवा चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक लिखा-पढ़ी के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सोनू की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। सैनी थाना पुलिस अब घटना को अंजाम देने वाली पिकअप की तलाश कर रही है। इसके लिए हाईवे पर लगे आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
कौशांबी में पिकअप की टक्कर से बाइक चालक की मौत:अझुवा हाईवे पर सड़क पार करते समय हुआ हादसा, पिकअप चालक फरार
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
