आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर 6 फरवरी को हत्या कर महिला की लाश फेंकी गई थी। हत्या के बाद उसके गले और चेहरे को बिगाड़ दिया गया। आरोपी बॉयफ्रेंड सनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सनी ने पहले पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। वो कहता रहा है कि सोनाली ने फांसी लगाकर सुसाइड किया है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या आई। इसके बाद उसने पुलिस को बताया कि उसने ही सोनाली को मारा है। उसकी मां और सौतेले बाप को भी इसकी जानकारी थी। पुलिस ने उन्हें भी हिरासत में ले लिया है। डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने बताया कि सनी ने पूछताछ में बताया कि वो मूलरूप से कानपुर का रहने वाला है। कुछ साल पहले उसका परिवार महोबा में शिफ्ट हुआ था। वहां पर सोनाली से उसकी मुलाकात हुई। दोनों के बीच प्रेम संबंध हुए। इसके बाद वो सोनाली को लेकर दिल्ली चला आया। सोनाली उसके साथ ही लिव इन रिलेशनशिप में रह रही थी। सोनाली उससे शादी करने की जिद करती थी। मगर, वो शादी नहीं करना चाहता था। सेक्स रैकेट से जुड़ा है सनी
सनी ने पुलिस को बताया कि दिल्ली में सेक्स रैकेट से जुड़ा हुआ है। वो सोनाली को भी देह व्यापार में धकेलना चाहता था। मगर, वो इसका विरोध करती थी। ऐसे में उसका डर था कि कहीं सोनाली उसके बारे में लोगों को न बता दें। इसलिए उसने बुराड़ी में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वो किराए पर थार लेकर आया। सोनाली के शव को रात में कार में डाला और उसको ठिकाने लगाने के लिए निकल पड़ा। उसने सोचा था कि यमुना एक्सप्रेस-वे पर बीच में यमुना पडे़गी तो वहां पर शव को फेंक देगा। मगर, उसे कोई नदी नहीं मिली। ऐसे में उसने यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे पर शव को फेंका और वापस दिल्ली लौट गया। उसका लगा था कि पुलिस शव की शिनाख्त नहीं कर पाएगी। वो दिल्ली से पंजाब भागने की फिराक में था। मगर पुलिस ने पहले ही उसे पकड़ लिया। आरोपी की मां और सौतेल पिता को भी पुलिस ने पकड़ा है। उन्होंने भी शव को ठिकाने लगाने में मदद की थी।
अब पूरा मामला पढ़िए 6 जनवरी को दोपहर में साढ़े 3 बजे बकरी चराने वाले ग्रामीण यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन 148 के पास पहुंचे। यहां सौरई गांव के पास नाली में कंबल पड़ा देखा। वहां से बदबू आ रही थी। नजदीक जाकर देखा तो डेडबॉडी पड़ी थी। ग्रामीणों ने एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग कर रहे गार्डों और पुलिस को सूचना दी। करीब 4 बजे डीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य सिंह और एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार, एसओजी टीम, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंच गए। पुलिस ने शव को नाली से बाहर निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। आसपास तलाश भी की गई लेकिन मृतका की पहचान से संबंधित कुछ भी नहीं मिला।
युवती की डेडबॉडी कार से लाकर फेंकी गई
डीसीपी आदित्य सिंह ने बताया- महिला मेहंदी कलर का सलवार सूट पहने हुए थी। पैरों में बिछिया भी थी। हथेली और कंधे के पास आर-एस लिखा था। महिला के गले पर दबाने के निशान थे। गाल पर नीचे चोट का निशान भी था। आशंका है कि हत्या कहीं और की गई। फिर लाश को किसी गाड़ी से लाकर एक्सप्रेस-वे पर फेंक दिया गया। पुलिस ने भी महिला की पहचान करने के लिए AI का इस्तेमाल किया। महिला के चेहरे को एआई से रीडेवलप किया। फिर इसे सभी थानों में पहचान के लिए भेजा। 24 घंटे में ही महिला की पहचान हो गई। वह महोबा की रहने वाली सोनाली निकली। मृतका की एक आंख बंद थी। उसका चेहरा भी क्लियर नहीं था। ऐसे में पुलिस की डाटा बेस और अन्य प्लेटफार्म पर उसे फोटो से शिनाख्त में मुश्किल थी। इसके लिए एआई के जरिए दोनों आंख खुली और चेहरे को साफ करते हुए फोटो तैयार की गई। इस फोटो को जब सॉफ्टवेयर पर डाला तो मृतका के बारे में जानकारी मिली। जिससे पुलिस मृतका के घरवालों तक पहुंची।
हत्या से पहले वो दिल्ली में रह रही थी। उसकी दिल्ली में ही हत्या कर शव को कार से लाकर आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंका गया। पुलिस की चार टीमें हत्यारों की तलाश में जुटी थी। पुलिस को सीसीटीवी व सर्विलांस की मदद से अहम सुराग हाथ लगे। शिनाख्त के बाद पुलिस की टीमें दिल्ली के जहांगीर पुरी पहुंची। पुलिस ने युवती के घरवालों से बातचीत की। उनसे अहम जानकारी मिली कि प्रेम संबंध के चलते युवती की हत्या की गई है। हत्या में करीब 6 लोग शामिल हो सकते हैं।
गला दबाकर की थी सोनाली की हत्या:बॉयफ्रेंड पुलिस को करता रहा गुमराह, मां और सौतेले पिता भी पकडे़
📅 Published: February 10, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
