सहारनपुर में बसपा से पूर्व एमएलसी एवं खनन कारोबारी हाजी इकबाल की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही है। बेटों की जमानत के बाद फिर से हाजी इकबाल पर पोक्सो एक्ट में गवाही बदलने को लेकर गवाह को धमकी दिलाने का आरोप लगा है। गवाही नहीं बदलने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। थाना मिर्जापुर में पीड़ित ने जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित सलमान ने थाने में तहरीर देकर बताया कि वो पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल उर्फ बाल्ला और दिलशाद के खिलाफ दर्ज मुकदमे में गवाह है। सलमान का आरोप है कि 18 नवंबर की सुबह गांव के नसीम, नदीम और तीन अज्ञात लोगों ने उसे रास्ते में रोककर गवाही अपने पक्ष में देने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि आरोपियों ने पैसे का लालच देने के साथ ही जान से मारने और झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी। सलमान के अनुसार, आरोपी नसीम ने कहा कि इकबाल ने करोड़ों की संपत्ति उसके नाम कर रखी है और वो उनके लिए कुछ भी कर सकता है। धमकी देते हुए कहा गया कि गवाही न बदलने पर उसे मारकर यमुना नहर में फेंक दिया जाएगा। 20 नवंबर की सुबह फिर नदीम और तीन अज्ञात व्यक्तियों ने सलमान को रोककर दोबारा धमकी दी। आरोप है कि उन्होंने कहा कि अगर वो एक-दो दिन में उनके साथ हाईकोर्ट और सहारनपुर न्यायालय में जाकर गवाही व शपथ पत्र नहीं देता तो उसे जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि तू पैसे लेकर इकबाल उर्फ बाल्ला व दिलशाद के पक्ष में हाईकोर्ट और सहारनपुर न्यायालय में जाकर गवाही और शपथपत्र दें। नहीं तो तुझे जान से मार देंगे, लाश भी नहीं मिलेगी। हम किसी दूसरे स्टेट से तुझ पर झूठा मुकदमा लिखवाकर तुझे जेल में भी डलवा सकते हैं। पीड़िता से तुझे कुछ नहीं मिलेगा, उससे हमारी बात हो चुकी है। लेकिन हम तुझे मुंह मांगी रकम दे देंगे। सलमान ने बताया कि नसीम ने दबाव बनाते हुए कहा कि इकबाल मुझे अपना बेटा मानता है। करोड़ों की जमीन व फैक्ट्री मेरे नाम करा रखी हैं। जरूरत पड़ी तो तुझे मारकर यमुना नहर में फेंक दूंगा। तेरे हस्ताक्षर व फोटो लेकर अपना काम कर लूंगा। लगातार मिल रही धमकियों से परेशान होकर सलमान ने थाना मिर्जापुर पहुंचकर अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गवाही नहीं बदली…तो जान से मारकर यमुना में फेक देंगे:सहारनपुर में पूर्व एमएलसी हाजी इकबाल और उसके करीबियों पर हत्या की धमकी देने का आरोप
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
