गाजीपुर में 12 फरवरी को मजदूर करेंगे हड़ताल:लेबर कोड के विरोध में अनिश्चितकालीन आंदोलन की चेतावनी दी

📅 Published: February 10, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

गाजीपुर में 12 फरवरी को नए श्रम कानूनों के विरोध में देशव्यापी मजदूर हड़ताल का आह्वान किया गया है। इस एकदिवसीय हड़ताल के समर्थन में नौजवान भारत सभा के सदस्यों प्रसेन, रमेश और राजकुमार ने विकास भवन पहुंचकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने आंदोलन के लिए समर्थन मांगा है। मजदूर संगठनों का दावा है कि इस हड़ताल में सभी कर्मचारी यूनियनों का सहयोग मिलेगा। नौजवान भारत सभा के सदस्य प्रसेन ने बताया कि इस एकदिवसीय हड़ताल में बिजली, बैंक, बीमा, रेल, कोयला, स्टील और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े लाखों मजदूर शामिल होंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मजदूर संगठनों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो यह आंदोलन अनिश्चितकालीन आम हड़ताल में बदल जाएगा। मजदूर नेताओं का आरोप है कि नए श्रम कानूनों के माध्यम से न्यूनतम वेतन, स्थायी रोजगार, सामाजिक सुरक्षा और हड़ताल के अधिकार जैसे ऐतिहासिक अधिकार छीने जा रहे हैं। इस हड़ताल को नौजवान भारत सभा, बिजली मजदूर दस्ता और भारत की क्रांतिकारी मजदूर पार्टी का संयुक्त समर्थन प्राप्त है। मजदूर संगठनों ने स्पष्ट किया है कि जब तक श्रम कानून वापस नहीं लिए जाते और मजदूरों के हितों की रक्षा सुनिश्चित नहीं की जाती, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। प्रशासन ने हड़ताल के मद्देनजर आवश्यक सेवाओं को सुचारू रखने की तैयारी शुरू कर दी है। हालांकि, इस हड़ताल का असर आवागमन, बिजली आपूर्ति और सरकारी दफ्तरों पर पड़ने की संभावना जताई जा रही है। सभी की नजरें अब 12 फरवरी पर टिकी हैं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *