बदायूं में गुरुवार देर शाम गाय चोरी के शक में दो युवकों को भीड़ ने लावेला चौक पर जमकर पीटा। आरोप है कि दोनों युवक एक पशुपालक की गाय चुराकर ले जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। यह घटना सदर कोतवाली इलाके के लावेला चौक पर हुई। शहर के गद्दीचौक निवासी आदिल पशुपालक हैं और दूध का कारोबार करते हैं। गुरुवार शाम उन्होंने अपनी गाय का दूध निकालने के बाद उसे घूमने के लिए खुला छोड़ दिया था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और गाय के गले में प्लास्टिक की रस्सी डालकर उसे अपने साथ ले जाने लगे। आदिल और आसपास के लोगों ने युवकों को गाय ले जाते देखा तो उनका पीछा किया। लावेला चौक पर पहुंचने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। इस बीच, वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों ने चोरी के शक में दोनों युवकों की पिटाई शुरू कर दी। पीटे गए युवकों में से एक ने खुद को शहर के मोहल्ला नेकपुर का निवासी बताया है। कुछ देर बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई। सदर कोतवाल संजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।
गाय चोरी के शक में दो युवकों की पिटाई:बदायूं में पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया, थाने लेकर गई
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
