गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) की ओर से जल्द ही नया गोरखपुर के अंतर्गत पहली योजना का ले आउट फाइनल कर लिया जाएगा। सौनौली रोड पर मानीराम व रहमतनगर क्षेत्र में 400 एकड़ में गुरुकुल सिटी के नाम से यह योजना लांच करने की तैयारी है। अगले सप्ताह 27 नवंबर को बोर्ड बैठक आयोजित करने की तैयारी है। इसी बैठक में गुरुकुल सिटी का लेआउट भी मंजूरी के लिए रखा जाएगा। उसी के अनुसार विकास कार्य शुरू किया जाएगा। यह लेआउट 400 एकड़ क्षेत्रफल को ध्यान में रखकर बनाया गया है। एक बार लेआउट मंजूर हुआ अलग-अलग सेक्टर के हिसाब से इसे विकसित किया जाएगा। उसी के मुताबिक जमीनें भी फाइनल की जाएंगी। धीरे-धीरे विकास कार्य शुरू कराया जाएगा। शहर से बाहर GDA प्राधिकरण की यह पहली योजना है। 6000 एकड़ में विकसित होगा नया गोरखपुर नया गोरखपुर 6000 एकड़ में विकसित किया जाएगा। इसके लिए 25 गांवों को चिह्नित किया गया है। कुशीनगर रोड पर 3 तथा शहर के उत्तर दिशा में 3 गांवों में जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। कुछ जमीन प्राधिकरण को मिल चुकी है जबकि शेष जमीन के लिए अनिवार्य अर्जन की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इसकी प्रगति के बारे में जानकारी लेते रहते हैं। तेजी से विकसित हो रहा शहर का उत्तरी क्षेत्र शहर का उत्तरी क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है। रामगढ़ताल की तर्ज पर यहां चिलुआताल को विकसित किया जा रहा है। इसे भी पिकनिक स्पॉट बनाया गया है। इस क्षेत्र में प्राधिकरण भी कुछ रिसॉर्ट आदि के लिए जमीन उपलब्ध करा सकता है। इसके साथ ही लगभग 125 एकड़ में उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल की द्वितीय वाहिनी का मुख्यालय भी बनाया जा रहा है। निजी क्षेत्र का विश्वविद्यालय भी यहां है। बालापार-टिकरिया होते हुए भटहट तक फोरलेन सड़क बनाई जा रही है। ऐसे में नई टाउनशिप के लिए इस क्षेत्र को बेहतर माना जा रहा है। भू उपयोग परिवर्तन के प्रस्ताव भी बोर्ड में रखे जाएंगे इस बैठक में ताल जहदा में हुए भू उपयोग परिवर्तन के नोटिफिकेशन की जानकारी भी दी जाएगी। इसी तरह कोनी में बनाए जा रहे महिला बटालियन भवन के लिए भू उपयोग परिवर्तन का प्रस्ताव भी लाया जाएगा। प्राधिकरण की ओर से तेजी से प्रस्तावों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। जानिए गुरुकुल सिटी में क्या होगा इस योजना में स्कूल, कॉलेज, निजी विश्वविद्यालय, तकनीकी संस्थान, कोचिंग सेंटर, ट्रेनिंग सेंटर इत्यादि स्थापित करने की तैयारी है, ताकि यह पूरा इलाका “एजुकेशनल सिटी” जैसा रूप ले सके।
इसके साथ‑साथ ग्रुप हाउसिंग, प्लॉटेड डेवलपमेंट, ईडब्ल्यूएस/एलआईजी आवास, सर्विस अपार्टमेंट, होटल, शॉपिंग मॉल, रिटेल कॉमर्शियल, सिटी सिविक सेंटर, पार्क, जलाशय और ग्रीन ज़ोन जैसी सुविधाओं के लिए अलग‑अलग ज़मीन आरक्षित की जा रही है।
गुरुकुल सिटी के लेआउट को जल्द मिलेगी हरी झंडी:अगले सप्ताह बोर्ड बैठक में रखी जाएगी; 400 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित होगी
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
