गोंडा में पूर्व सैनिक पिता पर हमले का मामला गरमाया:जवान की IG से गुहार, कहा- देश की रक्षा कर रहा हूं, पर अपना परिवार असुरक्षित

📅 Published: November 24, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

गोंडा जिले में पूर्व सैनिक पिता पर हुए जानलेवा हमले के मामले में न्याय की मांग को लेकर सीमा पर तैनात आर्मी जवान अमन यादव ने देवीपाटन रेंज के आईजी अमित पाठक से मुलाकात की। गंभीर रूप से घायल पिता और फरार आरोपियों को लेकर परेशान अमन अपने परिजनों के साथ आईजी के सामने पहुंचे और तत्काल कार्रवाई की मांग की। 16 नवंबर को देहात कोतवाली क्षेत्र के कोयली जंगली गांव में पंचायत के दौरान धारदार हथियारों और फायरिंग से हुआ यह हमला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना है। हमले में पूर्व सैनिक आनंद यादव, उनके भाई दशरथ लाल और किशन लाल यादव घायल हुए थे। आनंद यादव की हालत अभी भी नाजुक है और उन्हें लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अमन यादव ने बताया कि सात नामजद आरोपियों में से पांच आरोपी अब भी फरार हैं, जिसके कारण उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने आईजी के सामने कहा—“मैं जम्मू-कश्मीर में देश की रक्षा कर रहा था, तभी पिता पर हमले की खबर मिली। मुख्य आरोपी खुले घूम रहे हैं और हमारे परिवार को धमकी दे रहे हैं। देहात कोतवाली पुलिस उचित कार्रवाई नहीं कर रही।” आईजी अमित पाठक ने जवान और उसके परिवार को भरोसा दिया कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने मौके पर ही गोंडा एसपी को फोन कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। घायल पूर्व सैनिक के चचेरे भाई लाल बहादुर यादव ने भी पुलिस की धीमी कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका कहना है। “पुलिस ने सिर्फ दो आरोपियों को पकड़ा है। पांच आरोपी अभी भी फरार हैं। नामजद आरोपियों के परिजन तो खुलेआम थाने के अंदर घूमते देखे गए हैं। पीड़ित परिवार ने सरकार और पुलिस प्रशासन से सभी फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *