गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के चिश्तीपुर गांव में 3 बजे के करीब उस समय हड़कंप मच गया जब नीतीश मेडिकल स्टोर के पीछे स्थित एक किराना गोदाम में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस घटना में गोदाम में रखा लगभग 5-10 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। यह घटना उस समय हुई जब मेडिकल स्टोर पर बैठे लोगों ने गोदाम से धुआं उठता देखा। तत्काल गोदाम पहुंचने पर उन्होंने आग लगी हुई पाई। स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन गोदाम दुकान के ठीक पीछे होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। देखते ही देखते पूरा किराना गोदाम धू-धूकर जलने लगा। आग की चपेट में आने से गोदाम में रखे कुरकुरे और चिप्स सहित लगभग 5 लाख रुपये का किराना सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम पूरी तरह राख में तब्दील हो गया। गोंडा मुख्यालय से फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। गोदाम के अंदर घना धुआं भरा हुआ था और संकरी जगह के कारण पहुंचना मुश्किल था। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। देहात कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि खोरहंसा चौकी की पूरी पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी। आग लगते ही आसपास की दुकानों को भी एहतियातन खाली करा लिया गया था ताकि कोई और नुकसान न हो। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
गोंडा में शार्ट सर्किट से गोदाम में लगी आग:5 लाख रुपए का सामान जलकर राख, धुएं के कारण आग बुझाने में हुई दिक्कत
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
