गोरखपुर के फुटबॉल प्रेमियों के लिए गर्व और उत्साह का विषय है। शहर के 6 प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को 27 और 28 नवंबर में मेरठ के स्वामी विवेकानंद सु भारती विश्वविद्यालय के फुटबॉल मैदान पर प्रदेश टीम चयन ट्रायल में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। चयनित टीम आगामी संतोष ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी और युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर मिलेगा। प्रतिनिधि खिलाड़ियों में आदित्य, रविराज, मोहम्मद तौसीफ, गौरव, सरफराज और महेश शामिल हैं। ये खिलाड़ी लंबे समय से स्थानीय- क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं में अपनी खेल-कौशल और मेहनत के बल पर नाम कमा रहे हैं। पिछले वर्षों में इन खिलाड़ियों ने कई टूर्नामेंट में शहर और जिला का प्रतिनिधित्व किया है और कई पदक और पुरस्कार भी जीते हैं। इस चयन ट्रायल के जरिए उन्हें प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा। यह हैं जरूरी निर्देश आमंत्रित खिलाड़ियों को निर्देश दिया गया है कि वे 26 नवंबर की शाम तक अपने सभी अभिलेखों और जरूरी दस्तावेजों के साथ सचिव जिला फुटबॉल संघ, मेरठ या ऑब्जर्वर उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के पास रिपोर्ट करें। संघ ने खिलाड़ियों से पूरी तैयारी, अनुशासन और सकारात्मक रवैये के साथ चयन ट्रायल में भाग लेने का अनुरोध किया है। मेहनत- अनुशासन से चमकेगा नाम जिला फुटबॉल संघ के मंडल सचिव हमजा खान ने कहा कि यह गोरखपुर के फुटबॉल खेल के लिए गौरव और प्रेरणा का मौका है। उन्होंने खिलाड़ियों और उनके कोचों से आग्रह किया कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और अपनी मेहनत और खेल कौशल का सर्वोत्तम प्रदर्शन करें। उन्होंने बताया कि चयनित टीम संतोष ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी, इसलिए यह युवा खिलाड़ियों के लिए अनुभव और कौशल बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है। फुटबॉल प्रेमियों में दिख रहा जोश शहर में इस खबर के बाद फुटबॉल प्रेमियों में उत्साह की लहर दौड़ गई है। स्थानीय क्लब और कोच खिलाड़ी शुभकामनाएं दे रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि इस ट्रायल में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी न केवल गोरखपुर का नाम रोशन करेंगे, बल्कि भविष्य में राष्ट्रीय स्तर के अवसर भी पा सकते हैं।
गोरखपुर के 6 खिलाड़ी प्रदेश टीम ट्रायल में शामिल होंगे:संतोष ट्रॉफी में उत्तर प्रदेश का करेंगे प्रतिनिधित्व, 26 नवंबर तक रिपोर्ट अनिवार्य
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
