गोरखपुर महोत्सव 2026 को भव्य रूप देने के लिए तैयारी बैठक आयुक्त सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सदर सांसद रवि किशन ने की। महोत्सव इस बार चम्पा देवी पार्क में आयोजित होगा। तीन दिवसीय यह आयोजन 11, 12 और 13 जनवरी को होगा। महोत्सव का उद्घाटन पर्यटन मंत्री करेंगे, जबकि समापन और पुरस्कार वितरण मुख्यमंत्री के हाथों होगा। महोत्सव के साथ लगने वाला शिल्प मेला 17 जनवरी 2026 तक चलेगा। यह मेला स्थानीय कारीगरों के अलावा देशभर से आने वाले शिल्पकारों और उद्यमियों को अपनी कला और उत्पादों को प्रदर्शित करने का बड़ा मंच देगा। उम्मीद है कि इस बार शिल्प मेला और भी बड़ा और आकर्षक होगा। बैठक में सांसद रवि किशन ने कहा कि इस बार का गोरखपुर महोत्सव ऐतिहासिक होने वाला है। उन्होंने बताया कि कई नामी कलाकारों से लगातार बातचीत चल रही है। हनी सिंह, मिक्का और बादशाह में से किसी एक बड़े कलाकार के आने की संभावना है। इसके अलावा पलक मुछाल से भी बात की जा रही है। रवि किशन ने कहा कि वे खुद मंच पर प्रस्तुति देंगे और अपने छोटे भाई पवन को भी बुलाने का विचार है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इच्छा है कि स्थानीय कलाकारों को बड़ा मंच मिले, इसलिए इस बार लोकल कलाकारों को पूरी तरह से निखारने और उन्हें अवसर देने की पूरी कोशिश की जाएगी। महोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं को विशेष रूप से शामिल किया जाएगा। बैठक में महोत्सव की रूपरेखा और संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। चम्पा देवी पार्क में मुख्य मंच और सांस्कृतिक जोन की तैयारी, आगंतुकों के लिए पार्किंग की व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग, सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन, पुलिस तैनाती, चिकित्सा सुविधाएँ और कंट्रोल रूम की स्थापना जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। साथ ही शिल्प मेले के स्टॉलों के आवंटन और उनकी निगरानी की योजना भी तय की गई। सांसद रवि किशन ने कहा कि इस बार गोरखपुर महोत्सव को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में मंडलायुक्त अनिल ढिंगरा और जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि वे समय से पहले सभी तैयारियाँ पूरी कर लें, ताकि महोत्सव में किसी प्रकार की कमी न रहे।
गोरखपुर महोत्सव में रवि-किशन के साथ आ सकते पवन:हनी सिंह, मीका या बादशाह मे कोइ एक, पलक मुच्छल से भी बात जारी
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
