गोरखपुर के सहजनवां थाना क्षेत्र स्थित घघसरा गांव में शनिवार सुबह एक 21 वर्षीय युवती ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवती का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका मिला। मृतका की पहचान पूनम सैनी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसके कारण घटना की जानकारी देर से मिली। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी महेश कुमार चौबे, चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पूनम के पिता प्रदीप सैनी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार देर शाम पूनम परिवार के साथ भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थी। सुबह काफी देर तक दरवाजा न खुलने और कोई आवाज न आने पर परिजनों ने दरवाजा खटखटाया। भीतर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर संदेह हुआ। इसके बाद दरवाजे के बगल लगे जंगले से झांककर देखा गया तो पूनम पंखे से लटकी हुई मिली। परिजनों ने पुलिस को बताया कि पूनम कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान रहती थी और अक्सर अकेले रहती थी। पिता प्रदीप सैनी ने पुलिस से किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई न करने का अनुरोध किया और पंचनामा भरवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए सौंपने की गुजारिश की। ग्रामीणों और अन्य सम्मानित व्यक्तियों की मौजूदगी में पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया।
गोरखपुर में युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या की:घघसरा गांव में बंद कमरे में फंदे से लटका मिला शव, पुलिस जांच में जुटी
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
