गोरखपुर में लखनऊ के व्यापारी के साथ 2 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। लखनऊ के गोमतीनगर पटेलपुरम निवासी व्यापारी हिरण्यगर्भ द्विवेदी ने आरोप लगाया है कि दो करोड़ रुपये लेकर मकान दिलाने का झांसा देने और रकम वापस मांगने पर कनपटी पर बंदूक रखकर जान से मारने की धमकी दी गई। कैंट थाने की पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर नई दिल्ली के बसंतकुंज निवासी संतोष शर्मा, उसके बेटे भरत भारद्वाज समेत चार अज्ञात के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लखनऊ के पटेलनगर में रहता है व्यापारी कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र के अमवा श्रीदूबे निवासी हिरण्यगर्भ द्विवेदी लखनऊ के पटेलपुरम में रहते हैं। हिरण्यगर्भ द्विवेदी ने बताया कि वह हाइसेन मार्केटिंग लिमिटेड के निदेशक हैं, जिसकी शाखाएं लखनऊ, नोएडा और गोरखपुर में संचालित होती हैं। वर्ष 2020 में कंपनी विस्तार के लिए नया कार्यालय खरीदने की योजना के दौरान उनकी मुलाकात दिल्ली के बसंतकुंज निवासी भरत भारद्वाज से हुई थी।
भरत ने गोमतीनगर स्थित वी-6/42, विनीत खंड का दो मंजिला मकान दिखाकर दो करोड़ में बेचने का प्रस्ताव दिया। उसने अपने पिता संतोष शर्मा के नाम एनसीएलटी से खरीदे गए मकान के दस्तावेज भी दिखाए। भरोसा होने पर द्विवेदी ने 1 करोड, 38 लाख,11 हजार रुपये आरटीजीएस से, 5 लाख नकद, 20 लाख रुपये नोएडा स्थित दीवान एंड संस कंपनी के माध्यम से तथा शेष 36.89 लाख रुपये अलग-अलग तिथियों में देकर कुल दो करोड़ रुपये दे दिए। दूसरे व्यक्ति के नाम पर था मकान लंबा समय बीतने के बाद भी बैनामा नहीं होने पर जब उन्होंने जांच कराई तो पता चला कि जिस मकान को बेचने की बात कही गई थी, वह वास्तव में किसी और व्यक्ति के नाम दर्ज है। इसका खुलासा होने पर उन्होंने बीते 17 सितंबर को गोरखपुर कैंट क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास मधु टूरिज्म ऑफिस में भरत और उसके पिता से मुलाकात की। आरोप है कि ऑफिस में भरत, उसका पिता संतोष और तीन-चार अज्ञात लोग मौजूद थे। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने उनकी कनपटी पर बंदूक रखकर धमकाया और कहा कि रुपये भूल जाओ, हमारा काम लोगों को ठगना है, कोई बैनामा नहीं होगा। डर के माहौल में किसी तरह वहां से निकले पीड़ित ने तत्काल कैंट थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। इस संबंध में सीओ कैंट योगेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने ठगी, धोखाधड़ी, जालसाजी और जान से मारने की धमकी की धाराओं में भरत भारद्वाज, उसके पिता संतोष शर्मा और तीन-चार अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम अब आरोपियों की तलाश में जुटी है। बहुत जल्द सभी आरोपी पकड़ लिए जाएंगे।
गोरखपुर में लखनऊ के व्यापारी से 2 करोड़ की धोखाधड़ी:झांसा देकर लिए रुपये, वापस मांगने पर कनपटी पर लगाई बंदूक, FIR
📅 Published: November 20, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
