बरनाहल थाना क्षेत्र की भगवती गौशाला में निरीक्षण के बाद गौ रक्षा दल के जिलाध्यक्ष दीपक मिश्रा पर हमला हुआ है। उन पर लाठी-डंडों से मारपीट और फायरिंग का आरोप लगाया गया है। यह घटना गौशाला में कथित अनियमितताओं को उजागर करने के बाद सामने आई। दीपक मिश्रा ने आरोप लगाया कि निरीक्षण के दौरान गौशाला में कई गोवंश मिट्टी के नीचे दबे मिले थे। उन्होंने व्यवस्थाओं में भारी अनियमितताएं पाईं। इस मामले की सूचना एसडीएम और सीओ करहल को दी गई थी, जिसके बाद अधिकारियों के निर्देश पर जेसीबी भेजकर मृत गोवंश का अंतिम संस्कार कराया गया। मिश्रा ने बताया कि 19 तारीख को वह अपनी टीम के साथ गौशाला पहुंचे थे। निरीक्षण और अनियमितताओं को उजागर कर लौटते समय ग्राम पंचायत सचिव सहित दो दर्जन से अधिक लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोप है कि पहले उन्हें धक्का देकर गिराया गया और लाठी-डंडों से पीटा गया। विरोध करने पर उन पर फायर झोंक दिया गया, जिससे वे बाल-बाल बचे और मौके से भागने में सफल रहे। इस घटना के बाद उन्होंने एसडीएम और सीओ करहल को एक शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना की जानकारी मिलते ही देर रात पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने गौशाला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में गहन जांच-पड़ताल की। अधिकारियों का कहना है कि मामले की तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौशाला प्रबंधन पर लगे आरोपों और फायरिंग की सूचना ने पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना दिया है। पुलिस फिलहाल सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है।
गौ रक्षा दल जिलाध्यक्ष पर हमला:गौशाला निरीक्षण के दौरान मारपीट, फायरिंग का आरोप
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
