ग्रेटर नोएडा के बीटा-2 कोतवाली क्षेत्र में एक बांग्लादेशी छात्र ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। छात्र का शव सेक्टर बीटा-1 स्थित एक किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान एनआईयू कॉलेज के छात्र सहरियार निवासी मोनू बीपाड़ा कालिया चौधरी, सिरसागंज सिटी, बांग्लादेश के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस को रविवार शाम सेक्टर बीटा-1 के एक मकान में आत्महत्या की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि एक युवक फंदे से लटका हुआ था। मकान मालिक ने पुलिस को बताया कि मृतक सहरियार 16 नवंबर को रूपा नामक एक महिला के साथ मकान पर आया था। महिला बिहार के नार मधुबनी की रहने वाली थी। दोनों ने खुद को पति-पत्नी बताते हुए लगभग आठ हजार रुपये मासिक किराए पर कमरा लिया था और 17 नवंबर को उसमें शिफ्ट हो गए थे। मकान मालिक के अनुसार, 21 नवंबर को महिला कमरे से कहीं चली गई थी। उसी दिन शाम से सहरियार का मोबाइल फोन भी लगातार बंद आ रहा था। रविवार शाम जब मकान मालिक ने खिड़की से अंदर झांककर देखा, तो युवक पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ था। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों को बांग्लादेश में घटना की सूचना दे दी गई है। बीटा 2 थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस महिला के कमरे से जाने और उसके बाद युवक के मोबाइल के बंद होने सहित कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।
ग्रेटर नोएडा में बांग्लादेशी छात्र ने की आत्महत्या:किराए पर रहता था, मौके पर नहीं मिला सुसाइड नोट
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
