घरेलू नौकरानी बनकर चोरी करने वाली दो बहनें गिरफ्तार:दोनों बहनों से 88 लाख की ज्वेलरी और नकदी बरामद

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

नोएडा पुलिस ने घरेलू नौकरानी बनकर घरों में चोरी करने वाली दो सगी बहनों को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लगभग 88 लाख रुपये कीमती ज्वैलरी और नकदी बरामद की है। यह कार्रवाई थाना सेक्टर-24 और थाना सेक्टर-49 की संयुक्त टीमों द्वारा की गई। गिरफ्तार महिला आरोपियों की पहचान मामूनी जना उर्फ मोनी और आशा उर्फ मामोनी उर्फ मोनी यादव के रूप में हुई है। ये दोनों बहनें पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं। डीसीपी नोएडा यमुना प्रसाद ने बताया कि चोरी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, लोकल इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से संदिग्ध महिलाओं की पहचान की। जानकारी मिलने पर कि दोनों महिलाएं पश्चिम बंगाल में हैं, पुलिस टीमें उच्चाधिकारियों की अनुमति के बाद वहां रवाना हुईं। मुखबिर की सूचना पर इन महिलाओं को पूर्वी मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पिछले पांच वर्षों से नोएडा में रह रही थीं। वे घरेलू सहायिका के तौर पर काम मांगने के बहाने घरों में जाती थीं। जहां भी उन्हें काम मिलता था, वे मौका पाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देती थीं और उस घर में दोबारा काम करने नहीं जाती थीं। चोरी किए गए आभूषणों को वे गलाकर या राह चलते व्यक्तियों को मजबूरी बताकर बेच देती थीं। मामूनी जना ने स्वीकार किया कि उसने सेक्टर-12, नोएडा के एक घर से ज्वैलरी चोरी की थी, जिसमें से कुछ बेचकर उसे 3 लाख रुपये मिले थे। इसी प्रकार, आशा ने बताया कि उसने 9 अक्टूबर को सेक्टर-49, नोएडा के एक घर से खुली अलमारी से सोने के आभूषण और पैसे चुराए थे। सेक्टर-24 पुलिस ने लगभग 70 लाख रुपये की ज्वैलरी (पेंडेंट, चेन, मंगलसूत्र, नेकलेस, अंगूठी, डायमंड) और 1,54,810 रुपये नकद बरामद किए हैं। वहीं, सेक्टर-49 पुलिस ने सोने के बिस्किट, चूड़ियां और 1,34,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। कुल बरामदगी लगभग 87 लाख 89 हजार रुपये है, जिसे लगभग 88 लाख रुपये बताया गया है। फिलहाल, पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *