चंडीगढ़ पुलिस की क्राइम ब्रांच ने 11 ड्रग्स सप्लायर्स को गिरफ्तार किया है। ये 11 आरोपी 2 अलग-अलग एफआईआर में गिरफ्तार किए गए हैं। इन आरोपियों से पुलिस ने कोकीन, लाखों रुपए कैश और सोने की ज्वेलरी बरामद की है। इसके अलावा ड्रग्स से जुड़े बड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है और यह खुलासा आज क्राइम ब्रांच के एसपी जसबीर द्वारा सेक्टर-9 पुलिस हेडक्वार्टर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर किया जा रहा है। एफआईआर नंबर 23 में पुलिस ने कुल 5 ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार किए थे, जिनके नाम हैं: डड्डूमाजरा निवासी सोनू उर्फ कालू, मलोया के स्मॉल फ्लैट्स निवासी सलमान उर्फ मुन्ना, सेक्टर-25 निवासी अनूप, सेक्टर-38डी निवासी सुनील उर्फ दर्शी और दिल्ली के हिमगिरि एनक्लेव न्यू बुराड़ी ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी निवासी बंटी। एफआईआर नंबर 24 में पुलिस ने 6 ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार किए, जिनके नाम हैं: राहुल, अरुण, इंद्रजीत, टिंकू, पंजाब के होशियारपुर जिले के गांव नौशेरा पट्टन निवासी विशाल और चंडीगढ़ के सेक्टर-25 के रहने वाले आकाश। आरोपी को लेकर दिल्ली पहुंची पुलिस सूत्रों से पता चला कि क्राइम ब्रांच की टीम को बंटी की गिरफ्तारी के समय एक डायरी बरामद हुई थी, जिसमें दिल्ली और उसके आसपास के कई ड्रग्स सप्लायर्स के नाम और मोबाइल नंबर लिखे थे। उसके बाद दिल्ली से आरोपियों को पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की एक टीम बनाई गई और दिल्ली भेजी गई। टीम के साथ बंटी भी मौजूद था। पुलिस ने दिल्ली व उसके आसपास कई ठिकानों पर रेड की और आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। वहां से पुलिस के हाथ कई अहम सबूत लगे हैं।
चंडीगढ़ में आज ड्रग्स नेटवर्क का होगा खुलासा:2 अलग-अलग केस में 11 गिरफ्तार, कोकीन, लाखों रुपए कैश और सोना बरामद
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
