पाकिस्तान से ट्राईसिटी तक फैले अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क पर अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कड़ा शिकंजा कसा है। ईडी ने 4 बड़े नशा तस्करों लवप्रीत सिंह उर्फ लवी सरपंच, विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की, कृष्ण सिंह और निशान सिंह सोनी के खिलाफ प्रिवेंशन ऑफ मनी लान्ड्रिंग एक्ट (PMLA) की विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल की है। मामले में 23 दिसंबर से अदालत में सुनवाई शुरू होगी। मालूम हो ANTF को सूचना मिली कि मोगा निवासी विक्रमजीत सिंह उर्फ विक्की और उसकी महिला दोस्त एक ग्लांजा कार में घूम रहे हैं और ट्राईसिटी में बड़े सप्लायर हैं। पुलिस ने ट्रैप लगाकर दोनों को सेक्टर-42 लेक के पास पकड़ लिया। तलाशी में 1.01 किलो हेरोइन बरामद हुई। 15 करोड़ की संपत्ति जब्त चंडीगढ़ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने पिछले साल इन चारों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 4.5 किलो से अधिक हेरोइन बरामद हुई थी, जिसकी बाजार कीमत 20 करोड़ रुपए से ज्यादा है। ईडी की जांच में सामने आया कि चारों आरोपी ड्रग्स की कमाई से करोड़ों की संपत्ति खड़ी कर चुके थे। पंजाब के अलग-अलग शहरों में उनकी करीब 15 करोड़ की संपत्ति ईडी ने जब्त की, जबकि चंडीगढ़ पुलिस पहले ही 35 लाख की संपत्ति सीज कर चुकी है। बरामदगी में फोर्ड एंडेवर, ऑडी समेत कई लग्जरी गाड़ियां शामिल हैं, जिन्हें ड्रग मनी से खरीदा गया था। हवाला से होता था लेनदेन जांच में सामने आया है कि यह पूरा नशा रैकेट पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाता था। रैकेट का सरगना लवप्रीत सिंह फिरोजपुर निवासी और पंजाब पुलिस के एक रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर का बेटा है। वह इंटरनेशनल ड्रग्स सिंडिकेट से जुड़ा था और हवाला के जरिए पैसों का लेनदेन करवाता था। । लुधियाना होटल से पकड़ा गया सरगना विक्की से मिली जानकारी पर चंडीगढ़ पुलिस लुधियाना के होटल पाम कोट पहुंची, जहां से रैकेट का मुख्य आरोपित लवप्रीत सिंह पकड़ा गया। तलाशी में उसके पास से फोर्ड एंडेवर, चंडीगढ़ नंबर की एक ऑडी कार और 4.5 लाख रुपए ड्रग मनी बरामद हुए। पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर 7 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया। लवप्रीत की निशानदेही पर 31 मार्च 2024 को मोहाली की वेंबली सोसाइटी से 502 ग्राम हेरोइन मिली। इसके बाद पुलिस ने कृष्ण सिंह को गिरफ्तार किया। फरीदकोट जेल से चलता था नेटवर्क पुलिस जांच में सामने आया कि चौथा आरोपी निशान सिंह फरीदकोट जेल में बंद रहते हुए मोबाइल के जरिए पूरे नेटवर्क को चला रहा था। पुलिस ने उसे कोर्ट के प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया। सभी कड़ियों को जोड़कर पुलिस को कुल 4 किलो 508 ग्राम हेरोइन मिली जिसकी कीमत इंटरनेशनल मार्केट में करोड़ों की है।
चंडीगढ़ में नशा तस्करों की 15 करोड़ की संपति जब्त:पाकिस्तान से ट्राईसिटी तक फैला नेटवर्क, ED ने चार्जशीट दाखिल की
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
