चंडीगढ़ PGI में नवजात बच्ची की इलाज के दौरान मौत:पेड़ के नीचे कपड़ों में लिपटी मिली थी, पुलिस जांच में जुटी

📅 Published: February 9, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

चंडीगढ़ के सेक्टर-16 अस्पताल के बाहर पेड़ के नीचे कपड़ों में लिपटी मिली नवजात बच्ची जिंदगी की जंग हार गई। गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती कराई गई बच्ची को डॉक्टरों ने बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और उसे लावारिस छोड़ने वाले माता-पिता की तलाश की जा रही है। घटना रविवार दोपहर करीब 3 बजे की है। सेक्टर-16 अस्पताल के एंट्री गेट के पास बने रैन बसेरा के नजदीक एक पेड़ के नीचे कपड़ों में लिपटी नवजात बच्ची रोती हुई मिली थी। बच्ची की हालत बेहद नाजुक थी। वहां से गुजर रहे एक ऑटो ड्राइवर ने बच्ची के रोने की आवाज सुनी और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। नाभि से जुड़ी नाल भी नहीं थी कटी
सूचना मिलने पर सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को तुरंत पीजीआई में भर्ती कराया। पुलिस के मुताबिक बच्ची की नाभि से जुड़ी नाल तक कटी नहीं थी, जिससे अंदेशा है कि जन्म के तुरंत बाद ही उसे वहां छोड़ दिया गया था। पीजीआई में इलाज के दौरान डॉक्टरों की टीम बच्ची को बचाने में जुटी रही। लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच कर रही सेक्टर-17 थाना पुलिस अब उस इलाके के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही विभिन्न अस्पतालों से हाल ही में हुए बच्चों के जन्म से जुड़े रिकॉर्ड भी जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि अब तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है, लेकिन जांच लगातार जारी है। बच्ची को लावारिस छोड़ने वाले माता-पिता की पहचान होते ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *