चंदौली ट्रैफिक पुलिस का अभियान, 394 वाहनों का चालान:5.47 लाख रुपये जुर्माना वसूला जाएगा, यातायात नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

चंदौली जिले में यातायात माह के तहत ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की जांच का विशेष अभियान चलाया। इस दौरान ट्रैफिक नियमों का पालन, हेलमेट की जांच और नो पार्किंग में खड़े वाहनों की पड़ताल की गई। अभियान में कुल 394 वाहनों का चालान किया गया, जिनसे 5.47 लाख रुपए का जुर्माना वसूला जाएगा। पुलिस अधीक्षक (एसपी) आदित्य लांग्हे ने बताया कि यातायात नियमों की अनदेखी से दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। इसलिए, लापरवाह लोगों के वाहनों का चालान करने के लिए यह अभियान चलाया गया। उन्होंने यह भी बताया कि नवंबर माह में ट्रैफिक पुलिस द्वारा यातायात माह आयोजित किया जाता है। इसी अभियान के तहत जनपद के सभी रूट की सड़कों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलने वाले वाहन चालकों, बिना हेलमेट व नो पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान में विशेष रूप से ऑटो और अन्य निजी व व्यावसायिक वाहनों की चेकिंग की गई। एसपी ने बताया कि चेकिंग के दौरान कई ऐसे वाहन चालक पाए गए, जिन्होंने यात्री संख्या के निर्धारित मानकों का उल्लंघन किया। उनके वाहनों का चालान किया गया। वहीं, आमजन और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए उनके पालन का सुझाव दिया गया। इसमें नशे की हालत में वाहन न चलाने, निर्धारित मानक से अधिक सवारी न बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, अवयस्क को वाहन न चलाने देने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने और दोपहिया वाहनों पर हेलमेट का प्रयोग करने की सलाह शामिल रही। वाहनों को ओवरलोड न चलाने का भी सुझाव दिया गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट के 237, तीन सवारी वाले 25, नो पार्किंग में 39 और सीट बेल्ट का प्रयोग न करने वाले आठ वाहनों सहित कुल 394 वाहनों का चालान किया गया। इन वाहन स्वामियों से जुर्माना के रूप में 5.47 लाख रुपये वसूल किए जाएंगे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *