चित्रकूट जिले के कर्वी ब्लॉक के सीतापुर के पास एक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक सूरज (पुत्र राजेंद्र) की मौत हो गई। सूरज मूल रूप से कन्नौज हरदोई का निवासी था और पिछले कई वर्षों से अपने ससुराल भैरव पागा में रहकर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसके परिवार में पत्नी रिंकी और डेढ़ साल का बेटा विष्णु है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सूरज प्रतिदिन की तरह ई-रिक्शा लेकर जा रहा था। तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार चारपहिया वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त होकर सड़क किनारे पलट गया। टक्कर मारने वाला वाहन मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल सूरज को जिला अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर परिवार में शोक छा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सूरज के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि फरार वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीरता दिखाने और दुर्घटना स्थल के आसपास स्पीड ब्रेकर लगाने तथा पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। परिजनों के अनुसार, सूरज मेहनती स्वभाव का था और अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपील की है।
चित्रकूट के सीतापुर में ई-रिक्शा चालक की मौत:तेज रफ्तार वाहन ने मारी टक्कर, परिवार बेसहारा
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
