बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर रूपईडीहा चेकपोस्ट से एक चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। वह नेपाल के रास्ते भारत में प्रवेश कर रहा था। संवेदनशील स्थानों के वीडियो बना रहा था। सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 42वीं वाहिनी के उप निरीक्षक रत्नेश यादव और रूपईडीहा थाना प्रभारी रमेश रावत अपनी टीम के साथ सीमा पर निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भारतीय क्षेत्र में घूमते हुए एक चीनी नागरिक को रोका। पूछताछ में उसने अपनी पहचान लियू कुंजिंग, निवासी हुनान प्रांत, चीन के रूप में बताई। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन मोबाइल फोन, चीनी, नेपाली और पाकिस्तानी मुद्रा बरामद हुई। उसके पास भारत में प्रवेश के लिए वैध वीजा भी नहीं था। जब उसके मोबाइल फोन की जांच की गई, तो एक फोन में भारतीय क्षेत्र के कई संवेदनशील स्थानों के वीडियो मिले। इस खुलासे के बाद सुरक्षा अधिकारियों में हड़कंप मच गया। एसएसबी कमांडेंट गंगा सिंह उदावत ने बताया कि एसएसबी जवानों ने चीनी नागरिक को उस समय गिरफ्तार किया, जब वह भारतीय क्षेत्र में संवेदनशील स्थानों की वीडियोग्राफी कर रहा था। उसके पास भारत में प्रवेश का कोई वैध वीजा नहीं था। गिरफ्तार चीनी नागरिक को रूपईडीहा पुलिस के हवाले कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां उससे आगे की पूछताछ कर रही हैं। नानपारा क्षेत्राधिकारी प्रद्युम्न सिंह ने पुष्टि की कि बिना वैध दस्तावेज के भारत में प्रवेश करने वाले चीनी नागरिक को एसएसबी और पुलिस की टीम ने पकड़ा है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
चीनी नागरिक गिरफ्तार, संवेदनशील स्थानों के वीडियो बना रहा था:नेपाल के रास्ते भारत में घुसा, पाकिस्तान समेत 3 देशों की करेंसी मिली
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
