जालौन में सोमवार देर शाम खेत की जुताई करते समय एक व्यक्ति की ट्रैक्टर से गिरकर मौत हो गई। व्यक्ति ट्रैक्टर के पीछे लगे रोटावेटर की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के सिरसा कलार थाना क्षेत्र के गिगौरा गांव का है। मृतक की पहचान श्याम सुंदर उर्फ मोरे प्रजापति (50) पुत्र मातादीन निवासी गिगौरा के रूप में हुई है। वह सोमवार शाम अपने खेत में अकेले ही ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर चलाते समय श्याम सुंदर पीछे लगे रोटावेटर की स्थिति देखने के लिए मुड़े। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़े। नीचे गिरते ही वह सीधे रोटावेटर के ब्लेड की चपेट में आ गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही सिरसा कलार थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार, श्याम सुंदर की पत्नी मथुरी का मौत करीब 4 साल पहले हो गया था। तब से वह गांव में अकेले ही रह रहा था। जबकि उनके दो बेटे शैलेंद्र और धर्मेंद्र कोटा में नौकरी करते हैं।
जालौन में जुताई के दौरान रोटावेटर में फंसा व्यक्ति, मौत:खेत में जुताई के दौरान संतुलन बिगड़ने से गिरा नीचे
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
