झांसी में गुरुवार रात को चोरी करने आए बदमाशों का पुलिस से सामना हो गया। दोनों तरफ से कई राउंड गोली चली। इसमें दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जबकि तीसरे बदमाश को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। तीनों बड़ागांव थाना क्षेत्र में चोरी की दो वारदातों को पहले ही अंजाम दे चुके थे। वे कार में घूमकर चोरी करते थे। रात को फिर से चोरी करने आए तो पुलिस को सूचना मिल गई। बड़गांव पुलिस और स्वाट टीम ने गढ़मऊ से गांधी नगर मार्ग पर घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। उनसे चोरी का माल, तमंचा, कारतूस, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार और एक कार बरामद हुई है। 45 दिन में दो बड़ी चोरी की थी एसपी सिटी प्रीति सिंह ने बताया- बड़ागांव थाना क्षेत्र में 45 दिन में दो बड़ी चोरी हुई थी। तब से पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी थी। शुक्रवार अलसुबह मुखबिर ने सूचना दी। बताया कि दोनों चोरी करने वाले चोर ईको कार में सवार होकर फिर से चोरी करने आए हैं। वे गढ़मऊ से गांधी नगर की ओर आने वाले हैं। इस पर स्वाट टीम प्रभारी जितेंद्र तक्खर ने अपनी टीम और बड़ागांव पुलिस के साथ गढ़मऊ रोड पर घेराबंदी की। थोड़ी देर बाद कार आई तो रोकने का प्रयास किया। तब आरोपी कार को मोड़कर भागने लगे। इस दौरान गाड़ी एक गड्ढ़े में फंस गई। तब आरोपी कार छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो वे फायरिंग करने लगे। काउंटर अटैक में दो को लगी गोली बदमाशों के गोली चलाने के बाद पुलिस ने जबाबी फायरिंग की। इसमें जालौन के कापली के राजघाट बड़ा बाजार निवासी संजीव सोनी उर्फ संजू पुत्र दिनेश सोनी और मोठ के सेमरी गांव निवासी चंद्रशेखर यादव उर्फ लला पुत्र नाथूराम के पैर में गोली लगी। दोनों फिलहाल कोंछाभांवर में रह रहे थे। उनके तीसरे साथी जालौन के कुठौंद के शेखपुरा निवासी राममोहन यादव पुत्र ओमप्रकाश को पुलिस ने घेरकर पकड़ लिया। उनसे कार, चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार लोहे का कटर, सब्बल, पेचकस, हथौड़ी, तमंचा और कारतूस बरामद हुए। इसके अलावा चोरी के गहने एक जोड़ी टॉपस, दो जोड़ी पायजेब, दो जोड़ी बिछुआ, एक नथ, 7430 रुपए कैश बरामद हुए। इन दो चोरियों को अंजाम दिया था 22 अगस्त 2025 को बड़ागांव के हरदौलपुरा निवासी शेरसिंह कुशवाहा की बहू की तबीयत खराब हो गई। पूरा परिवार उसे लेकर अस्पताल गया था। घर पर ताला लगा था। चोर ताले तोड़कर सोने, चांदी के जेवरात और 4 हजार रुपए चुराकर ले गए थे। 7 अक्टूबर 2025 को शंकरगढ़ गांव निवासी राजेश कुमार रायकवार के घर में चोरी हुई थी। चोर ताले तोड़कर 50 हजार रुपए कैश और गहने चुराकर ले गए थे। पीड़ितों ने बड़ागांव थाने में केस दर्ज कराए थे।
झांसी में चोरी करने आए बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़:दो के पैरों में गोली लगी, तीसरे को घेरकर पकड़ा, दो चोरी पहले कर चुके थे
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
