झांसी रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने 106 की बुजुर्ग महिला का शव उतारा है। उनकी ट्रेन में यात्रा के दौरान मौत हो गई। वह अपने नाती के साथ देवरिया से गोवा के लिए सफर कर रही थीं। नाती ने बताया कि रास्ते में दोनों ने नाश्ता किया, इसके बाद दादी सो गई। झांसी में जब उन्हें जगाया तो वह नहीं उठीं। सूचना पर पहुंचे रेलवे स्टाफ ने जांच की तो उनकी मौत हो चुकी थी। जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। जिला देवरिया के थाना क्षेत्र बरहज के गांव कपरवार का रहने वाला सुनील विश्वकर्मा गोवा के होटल में शेफ है। वहीं, उसका पूरा परिवार रहता है जबकि, उसकी दादी 106 की मुखराजी पत्नी रामकेश गांव में ही थीं। सुनील ने बताया कि वह 15 दिन पहले छुट्टी पर गांव आया था। यहां दादी अकेली रहती हैं तो ऐसे में उसने सोचा कि दादी को अपने साथ गोवा ले जाता है। बताया कि वह शनिवार को शाम 5.30 देवरिया से दादी को लेकर ट्रेन नम्बर 04196 जोगबनी-आगरा कैंट स्पेशल एक्सप्रेस के जनरल कोच में सवार हुआ था। बताया कि दादी रास्ते में बिल्कुल ठीक थीं। रविवार की सुबह ट्रेन 7 घंटे की देरी से सुबह 6.40 बजे उरई पहुंची तो यहां सुनील और दादी मुखराजी ने यहां नाश्ता किया। इसके बाद दादी ने सुनील को सोने के लिए कह कर खुद भी जनरल कोच की निचली सीट पर सो गईं। इसके बाद वह नहीं उठीं। झांसी से बदलनी थी गोवा की ट्रेन मृतक महिला के नाती सुनील ने बताया कि वह देवरिया से झांसी आ रहा था। उसे यहां से गोवा के लिए दूसरी ट्रेन पकड़नी थी। स्पेशल ट्रेन जब सुबह 8.45 बजे झांसी पहुंची तो दादी को उतरने के लिए उठाया लेकिन, उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद उसने दादी को जगानी की काफी कोशिश की लेकिन वह नहीं उठीं। साथी यात्रियों ने रेलवे को सूचना देकर डॉक्टर बुलाया, जिसके बाद महिला का परीक्षण कर उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। यहां जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
झांसी में 106 साल की बुजुर्ग की ट्रेन में मौत:नाती बोला-मुझे नाश्ता कराया, फिर सो गई दादी, उठाया तो हो चुकी थी मौत
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
