झांसी स्टेशन पर ई-कार के आगे लेटे कुली:बोले-रेलवे हमारे पेट पर चला रहा गाड़ी, लगेज उठाने का भी दे दिया ठेका

📅 Published: November 24, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर कुलियों ने जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया है। वह दिव्यांग और मरीजों के लिए चलाई जा रही ई-कार्ट (गोल्फ कार्ट) के आगे लेट गए। जिससे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। कुलियों ने रेलवे के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि कार से लगेज ढोने का ठेका भी रेलवे ने दे दिया है। ऐसे में वह अब कहां जाएंगे। उनका कहना है कि रेलवे उनका रोजगार छीन रही है। कुलियों के प्रदर्शन की पहले दो तस्वीरें देखें… बता दें कि झांसी स्टेशन पर 7 प्लेटफॉर्म हैं। जहां एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए एस्केलेटर और लिफ्ट लगाई गई हैं। वहीं, दिव्यांग, बुजुर्ग और मरीजों को प्लेटफॉर्म चेंज करने के लिए एक निजी कंपनी को यहां प्लेटफॉर्म पर ई-कार चलाने का ठेका दिया गया है। नौ सीटर कार में कंपनी के लोग यात्रियों को एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक ले जा रहे हैं। जिसके बदले में वह प्रति यात्री 50 रुपए लेते हैं। वहीं, रेलवे ने कंपनी को लाभ देने के लिए उन्हें लगेज लोड करने की भी सुविधा दी है, जिसका चार्ज प्रति लगेज 30 रुपए निर्धारित किया गया है। ऐसे में कार्ट चालक लगेज भी ढो रहे हैं। वहीं, कुली उसी लगेज को अपने सिर पर रखकर ट्रेन तक पहुंचाते हैं। लेकिन, जब से ई-कार्ट शुरू हुई है तो कुलियों का काम चौपट हो गया। इसी बात से गुस्साए कुली आज प्लेटफॉर्म नंबर एक के मेन गेट पर धरने पर बैठ गए और ई-कार्ट को रोक दिया। कुलियों की नारेबाजी शुरू हुई तो प्लेटफॉर्म पर अफरा तफरी मच गई। उन्होंने रेल प्रशासन पर उनका रोजगार छीनने के आरोप लगाते हुए ई-कार्ट से लगेज लोडिंग बंद करने की मांग करते हुए उसका संचालन ठप जर दिया। यहां मौके पर पहुंची आरपीएफ ने उन्हें समझाने का प्रयास किया लेकिन, वह नहीं माने। बोले-लिफ्ट-एस्केलेटर बाद अब पेट पर कार चला दी कुली यूनियन से राष्ट्रीय सचिव/कुली गोलू ठाकुर ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए कहा कि रेलवे लगातार कुलियों का शोषण कर रही है। पहले लिफ्ट और एस्केलेटर लगाए गए। लेकिन, हमें उससे कोई आपत्ति नहीं है। विकास कार्य होने ही चाहिए। लेकिन अब रेलवे ने जो ई-कार्ट चलाई है, वह प्लेटफॉर्म पर नहीं बल्कि, कुलियों के पेट पर चल रही है। बताया कि जिस कार से केवल दिव्यांग, मरीज और बुजुर्गों को सुविधा दी जानी चाहिए थी, उसका इस्तेमाल हमारे रोजागार को छीनकर लगेज ढोने के लिए किया जा रहा है। ऐसे तो हमसे कोई यात्री सामान नहीं उठवाएगा। यह हमारे पेट पर कार चलाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर लगेज लोडिंग बंद नहीं की जाती है तो वह आगे व्यापक तौर पर आंदोलन करेंगे।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *