ट्रैफिक पुलिस का हंटर चला तो खुलता चला गया जाम:हापुड़ अड्डा चौराहे को 200 मीटर तक ट्रैफिक पुलिस ने कराया खाली, खूब किए चालान

📅 Published: January 29, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

मेरठ में गुरुवार को ट्रैफिक पुलिस ने हापुड़ अड्डा चौराहे पर एकाएक अभियान चलाकर खलबली मचा दी। अतिक्रमण करने वाले वाहन चालकों के चालान कर दिए। रॉन्ग साइड फर्राटा भर रहे वाहनों को रोक कर थाने भिजवा दिया। कुछ मिनट में चौराहा जाम मुक्त दिखाई देने लगा। प्रभारी ट्रैफिक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अब हर दिन यह कार्रवाई की जाएगी। पहले एक नजर अभियान पर
शहर के कुछ चौराहों पर पूरी ट्रैफिक व्यवस्था टिकी है। इन चौराहों की व्यवस्था बिगड़ते ही जाम लग जाता है। हापुड़ अड्डा चौराहा भी इन्हीं चौराहों में से एक है। गुरुवार को प्रभारी ट्रैफिक संतोष कुमार सिंह, टीआई लालसा पांडे और टीआई विजय कुमार सिंह एकाएक हापुड़ अड्डा चौराहे पर पहुंच गए और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ अभियान शुरू कर दिया। सड़क पर फैले सामान को हटवाया
ट्रैफिक प्रभारी ने अभियान की शुरुआत उन वाहनों का चलन करते हुए की जो सड़क पर खड़े किए गए थे। उन्होंने सभी वाहनों के चालान करने शुरू कर दिए। इसे देख वाहन चालकों में खलबली मच गई। रॉन्ग साइड दौड़ रहे वाहनों को भी पकड़ कर उन्होंने चालान की कार्रवाई शुरू करा दी। इसके बाद उन्होंने सड़क किनारे लगे ठेले, खोमचों को हटवाते हुए रास्ता साफ करा दिया। टेंपो, ई रिक्शा चालकों को दिये निर्देश
तीनों ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने इस दौरान टेंपो और ई रिक्शा चालकों को इकट्ठा कर लिया। उन्होंने बताया कि हादसों के होने की एक बड़ी वजह अतिक्रमण भी है। अपने वाहन चलाते समय सभी वाहन चालक इसका ध्यान रखें। यातायात के नियमों का पालन करें। सड़क पर इस तरह वाहन खड़ा करें कि उससे यातायात प्रभावित न हो। उन्होंने सभी टेंपो में ई रिक्शा चालकों को निर्देश दिए कि वह बिना डीएल और फिटनेस के वाहन ना चलाएं। अलग-अलग चौराहों पर रोज चलेगा अभियान
प्रभारी ट्रैफिक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि अब से यह अभियान हर रोज चलाया जाएगा। प्रमुख चौराहों को जाम मुक्त बनाने की व्यवस्था होगी। यातायात नियम तोड़ने वाले इस दौरान ट्रैफिक पुलिस के निशाने पर रहेंगे। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की है कि वह नियमों का पालन करें। इससे दुर्घटना की संभावना बहुत कम रह जाती है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *