पंजाब के गुरदासपुर में ठंड की वजह से एक महीने के बच्चे को निमोनिया हो गया। जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चे प्रभनूर सिंह के पिता कुलबीर सिंह ने बताया कि रात को उसने दूध पिया। ठंड से बचने के लिए कमरे में हीटर भी लगाया था। सोने के कुछ देर बाद बच्चे के शरीर में हलचल बंद हो गई। वह उसे कम्युनिटी हेल्थ सेंटर (CHC) कलानौर ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। CHC के चाइल्ड स्पेशलिस्ट डॉ. विशाल जग्गी ने ठंड की वजह से बीमार होकर बच्चे की मौत की पुष्टि की। डॉ. विशाल जग्गी ने कहा कि छोटे बच्चों को गर्म कपड़े में लपेटकर मां को अपनी गोद में रखना रखना चाहिए। सोते समय बच्चों को दूध नहीं पिलाना चाहिए। जरूरी हो तो मां अपना दूध पिलाएं। बच्चों को ठंड से बचाने के लिए कमरे को गर्म रखना चाहिए। वहीं सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों में छुटि्टयां 13 जनवरी तक बढ़ा दी हैं। बुधवार को शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा- राज्य में लगातार ठंड और धुंध बढ़ रही है। बच्चों और स्टाफ की सेहत व सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। यह आदेश सभी सरकारी, एडेड, मान्यता प्राप्त और प्राइवेट स्कूलों पर लागू होंगे। ठंड के चलते 24 दिसंबर से राज्य के स्कूल बंद हैं। कल, 8 जनवरी को ही स्कूल खुलने थे, लेकिन अब स्कूल 14 जनवरी को खुलेंगे। हालांकि ठंड और धुंध ज्यादा रही तो सरकार छुट्टियां और बढ़ाने पर फैसला ले सकती है। शिक्षा मंत्री बैंस की सोशल मीडिया पोस्ट… सरकार ने दूसरी बार बढ़ाई छुट्टियां
सरकार ने 2 बार सरकारी स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाई हैं। सर्दी को देखते हुए पहले 24 से 31 दिसंबर तक स्कूलों में छुट्टियां घोषित की थी। हालांकि 1 जनवरी तक भी ठंड और धुंध ज्यादा रही। इसे देखते हुए 31 दिसंबर को आदेश जारी कर इन्हें 1 जनवरी से 7 जनवरी तक बढ़ा दिया गया। इसके बाद कल, 8 जनवरी को स्कूल खुलने थे लेकिन सरकार ने फिर 13 जनवरी तक स्कूलों की छुट्टियां बढ़ा दीं। पंजाब के सभी स्कूलों में लगभग 59.08 लाख बच्चे
केंद्र सरकार के यूनिफाइड डिस्ट्रिक्ट इन्फॉर्मेशन सिस्टम फॉर एजुकेशन प्लस ((U-DISE+) की 2024-25 की रिपोर्ट के मुताबिक पंजाब में कुल 59.08 लाख बच्चे स्कूलों में पढ़ रहे हैं। इनमें लगभग 26.69 लाख बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे हैं। प्राइवेट स्कूलों में लगभग लगभग 30.63 लाख बच्चे प्राइवेट स्कूलों में पढ़ रहे हैं। सरकारी-सहायता प्राप्त यानी गवर्नमेंट एडेड स्कूलों में लगभग 1.74 लाख बच्चे पढ़ते हैं। इसके अलावा स्टाफ की बात करें तो पंजाब में कुल 2.73 लाख के करीब टीचर हैं। स्कूलों का क्लेरिकल स्टाफ की गिनती अलग से है। सरकार के छुट्टियां बढ़ाने की 2 वजहें…
मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ ने अलर्ट जारी किया है कि पंजाब में 7 जनवरी के बाद ठंड बढ़ सकती है। 13 जनवरी तक पंजाब में शीतलहर और धुंध रहेगी। ऐसे में अगर स्कूल खोले जाते हैं तो एक तरफ धुंध में स्कूल बसों के एक्सीडेंट का खतरा है। वहीं सुबह के टाइम ठंड व शीतलहर की चपेट में आने से बच्चे बीमार हो सकते हैं। मोहाली की सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन का कहना है कि ठंड के मौसम में बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है और स्कूल में भीड़ होने के कारण बीमारियां जल्दी फैलती हैं। धुंध में स्कूल बसों के साथ ये हादसे हुए… मोहाली में 2 बसें टकराईं
18 दिसंबर को मोहाली में घने कोहरे के कारण मोहाली के खरड़ में 2 स्कूल बसों (DPS और एक अन्य स्कूल की) की आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें एक स्कूल की बस का आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों बसों के ड्राइवर को भी चोटें आईं। वहीं, कुछ बच्चों को भी मामूली चोटों आईं। संगरूर में पेड़ से टकराई बस, 12 स्टूडेंट घायल
8 नवंबर को संगरूर में पिकनिक के लिए जा रही पंजाब पब्लिक स्कूल की बस पेड़ से टकरा गई। हादसे में ड्राइवर को गंभीर चोट आई। वहीं, 12 स्टूडेंट के साथ बस में सवार अटेंडेंट भी घायल हो गया। इसके बाद सभी पास के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ठंड से बीमार एक महीने के बच्चे की मौत:पिता बोले- रात दूध पिलाया था; पंजाब के सभी स्कूलों में 13 जनवरी तक छुटि्टयां बढ़ीं
📅 Published: January 7, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
