जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने विकास भवन स्थित कमरा नंबर-79 में बनाए गए अस्थायी/स्थायी गोवंश आश्रय स्थल के कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान, डीएम ने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से जिले की विभिन्न अस्थायी/स्थायी गौशालाओं की सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से निगरानी की। उन्होंने विशेष रूप से लालगंज की अगई गौशाला की ऑडियो-विजुअल माध्यम से निगरानी की। इस दौरान, जिलाधिकारी ने गौशाला के केयरटेकर से हरे चारे की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली। हरे चारे की मात्रा कम पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की और तत्काल इसकी उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। डीएम ने यह भी निर्देशित किया कि ठंड के मद्देनजर गौशाला में गोवंशों की उचित देखभाल की जाए और उन्हें ठंड से बचाने के लिए तिरपाल व बोरों का इंतजाम किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) से गौशालाओं की नियमित निगरानी करने और पाई गई कमियों को दूर कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा भी उपस्थित रहीं।
डीएम ने गोवंश आश्रय स्थल कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया:हरे चारे की कमी पर जताई नाराजगी, दिए निर्देश
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
