महोबा में एक पड़ोसी ने शादी की तैयारियों में जुटे एक परिवार के घर में घुसकर बहन-भाई पर लाठी से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना श्रीनगर थाना क्षेत्र के इमिलिया गांव की है। हेमराज का परिवार अपनी बेटी की शादी की तैयारियों में व्यस्त था, जो 30 नवंबर को होनी है। घर में पुताई और अन्य काम चल रहे थे। हेमराज घर के अंदर पुताई कर रहा था। जबकि उनकी बड़ी बेटी नेहा, जो खरेला से शादी में शामिल होने आई थी। घरेलू कार्यों में जुटी थी। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला पवन, जो अक्सर शराब पीकर हंगामा और गाली-गलौज करता है। नशे की हालत में हेमराज के घर के बाहर गाली देने लगा। दिलीप ने उसे शांत रहने और गाली न देने के लिए कहा, जिससे पवन भड़क गया। पवन तुरंत लाठी लेकर घर में घुस आया और दिलीप पर हमला कर दिया। दिलीप को पिटता देखकर उसकी बहन नेहा उसे बचाने पहुंची, लेकिन आरोपी ने उस पर भी लाठी बरसाकर घायल कर दिया। मारपीट में दोनों भाई-बहन गंभीर रूप से चोटिल हो गए। घटना के बाद आरोपी धमकाते हुए मौके से फरार हो गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है। पिता हेमराज ने बताया कि आरोपी पहले भी शराब के नशे में गाली-गलौज और लड़ाई करता रहा है। परिवार ने आरोपी के खिलाफ श्रीनगर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और बताया कि शिकायत के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
दबंग ने घर में घुसकर बहन-भाई पर किया जानलेवा हमला:शादी की तैयारियों के बीच लाठी से पीटा, हालत गंभीर
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
