दाल आपूर्ति नाम पर व्यापारी से 25 लाख की ठगी:3 किस्तों में पैसा लेने के बाद भी नहीं भेजा माल, इंदौर के व्यापारियों पर मुकदमा दर्ज

📅 Published: February 1, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

गोंडा के एक व्यापारी से दाल की आपूर्ति के नाम पर 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नगर कोतवाली पुलिस ने इंदौर निवासी दो कारोबारियों, हितैष भाला और मनीष भाला के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। रानीबाजार निवासी व्यापारी आनंद कुमार अग्रवाल ने अपनी तहरीर में बताया कि उनकी फर्म ‘माता प्रसाद बाबूलाल’ के नाम से पंजीकृत है। उन्होंने व्यापार के सिलसिले में इंदौर के हितैष भाला और मनीष भाला से संपर्क किया था। दाल की खेप मंगाने के लिए आनंद कुमार ने आरटीजीएस के माध्यम से तीन किस्तों में कुल 25 लाख रुपये भेजे थे। आरोप है कि रकम मिलने के बाद आरोपियों ने न तो दाल की आपूर्ति की और न ही पैसा वापस किया। जब आनंद कुमार ने उनसे संपर्क किया, तो पहले टालमटोल की गई। बाद में उन्हें गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी गई। आरोपियों ने बार-बार दाल भेजने या पैसे लौटाने का झूठा आश्वासन दिया। व्यापारी आनंद कुमार अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने यह रकम विवाह और तिलक जैसे आयोजनों के लिए दाल की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु भेजी थी क्योंकि इस दौरान दाल की मांग बढ़ जाती है। नगर कोतवाल बिंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया आनंद कुमार अग्रवाल की तहरीर पर हितैष भाला और मनीष भाला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शिकायतकर्ता से मामले से जुड़े साक्ष्य मांगे हैं और जल्द ही इस पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। विस्तार से पूरी मामले को लेकर के नगर कोतवाली पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *