दिल्ली में 10 नवंबर को हुए बम धमाके के बाद उत्तर प्रदेश की सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हो गई हैं। इसी क्रम में यूपी आतंकवाद निरोधी दस्ता (ATS) ने कौशांबी जिले के सभी मदरसों पर निगरानी बढ़ाते हुए छात्रों और स्टाफ से जुड़ी विस्तृत जानकारी मांगी है। एटीएस की ओर से यह सूचना जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के माध्यम से मांगी गई है। निर्देशों के अनुसार, मदरसों में नामांकित छात्रों, उनके अभिभावकों, मौलवियों, प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों के नाम, पते और मोबाइल नंबर की पूर्ण सूची उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके साथ ही छात्रों और मौलवियों की कुल संख्या का विवरण भी अनिवार्य किया गया है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई सिर्फ कौशांबी तक सीमित नहीं है। प्रतापगढ़, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, महोबा और फतेहपुर जिलों के मदरसों से भी इसी तरह का डेटा जुटाया जा रहा है। दिल्ली धमाके के बाद एटीएस इकाई लखनऊ और प्रयागराज लगातार सक्रिय है और सभी संबंधित जिलों को पत्र भेजकर सूचनाएं तलब की गई हैं। इसी क्रम में जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी शालिनी रंजन ने बताया कि कौशांबी में कुल 58 मदरसे संचालित हैं, जिनमें 54 मान्यता प्राप्त और चार गैर-मान्यता प्राप्त हैं। सभी मदरसा प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों को 19 नवंबर को पत्र जारी कर तीन दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद कौशांबी पुलिस अलर्ट:ATS ने 58 मदरसों से छात्रों-मौलवियों लिस्ट मांगी, एजेंसियों की सक्रियता बढ़ी
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
