देवरिया: महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में गार्ड के पद पर तैनात एक रिटायर्ड सैनिक की गुरुवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। यह घटना सलेमपुर-देवरिया मार्ग पर कोतवाली क्षेत्र के जमुआ नंबर दो स्थित धर्मकांटा के पास हुई। मृतक की पहचान भटनी थाना क्षेत्र के बनरही गांव निवासी 50 वर्षीय रणजीत सिंह पुत्र स्व. लालबाबू सिंह के रूप में हुई है। वह सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद मेडिकल कॉलेज में गार्ड की नौकरी कर रहे थे। बताया गया कि रणजीत सिंह देर रात ड्यूटी पूरी कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान धर्मकांटा के समीप एक ट्रक पीछे किया जा रहा था, जिससे उनकी बाइक ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद रणजीत सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाल महेंद्र चतुर्वेदी के अनुसार, ट्रक के पिछले हिस्से से बाइक टकराने के कारण यह दुर्घटना हुई है और मामले की जांच की जा रही है। रणजीत सिंह के परिवार में उनकी मां जयमाला, पत्नी रीना तथा बेटे उदय प्रताप और भानु प्रताप हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। यह भी बताया गया कि रणजीत सिंह के पास हेलमेट था, लेकिन उन्होंने उसे पहनने के बजाय बाइक पर टांग रखा था। आशंका जताई जा रही है कि यदि उन्होंने हेलमेट पहना होता तो गंभीर चोट से बचाव संभव हो सकता था।
देवरिया में रिटायर्ड फौजी को ट्रक ने कुचला:मेडिकल कॉलेज में गार्ड के पद पर तैनात थे, ड्यूटी से लौटते समय हादसे में हुई मौत
📅 Published: January 23, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
