देवरिया में वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय सुहेल अहमद लारी की याद में सोमवार को एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। शहर की तहसील रोड स्थित जामा मस्जिद ग्राउंड में इराकी वेलफेयर सोसाइटी द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और प्रबुद्धजन शामिल हुए। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व, समाज सेवा, न्यायिक समझ और शैक्षणिक क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया। जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अधिवक्ता मनोज कुमार मिश्रा ने सुहेल साहब को उनके दृढ़ व्यक्तित्व और सादगी के लिए सराहा। उन्होंने कहा कि वे समाज की बेहतरी के लिए सदैव चिंतित रहते थे और अपने अधीनस्थों को लगातार प्रेरित करते थे। बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और बार काउंसिल उत्तर प्रदेश के सदस्य पद के प्रत्याशी सिंहासन गिरी ने बताया कि सुहेल लारी ऐतिहासिक तथ्यों के साथ मजबूत पैरवी करने में माहिर थे और समय की पाबंदी का पूरा पालन करते थे। पूर्व प्रधानाचार्य मेजर मुजफरुल हसन ने कहा कि सुहेल लारी न केवल एक बेहतरीन न्यायविद थे, बल्कि उन्होंने कई प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों का सफलतापूर्वक संचालन भी किया। उनकी प्राथमिकता हमेशा शिक्षा की गुणवत्ता पर रहती थी। कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष ऋषिकेश मिश्रा ने बताया कि उन्होंने सच बोलने का साहस सुहेल साहब से सीखा है। नगर पंचायत लार के पूर्व अध्यक्ष श्रीराम सिंह ने स्मरण किया कि वे अधिवक्ताओं को न्याय की बारीकियों को सरल और सारगर्भित तरीके से समझाते थे। राज्यसभा के पूर्व सदस्य आस मोहम्मद ने कहा कि सुहेल अहमद लारी ने जीवन भर समाज को सकारात्मक दिशा दिखाई। उनके व्यवहार की सभी ने सराहना की। कार्यक्रम को बिस्मिल्लाह मुन्ना लारी, इम्तियाज अहमद, सैयद अशफाक अहमद, उद्भव मिश्र, विजय शंकर चौरसिया, आतीफ अहमद सिद्दीकी और डॉ. जफर अनीस सहित कई अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर इराकी वेलफेयर सोसाइटी की ओर से स्वर्गीय सुहेल अहमद लारी के पुत्र फैसल लारी को सम्मान-पत्र प्रदान किया गया। साथ ही, उनकी माता के लिए एक शाल भी भेंट की गई। कार्यक्रम का संचालन शफीक उर रहमान शफ़क़ ने किया। अंत में, सोसाइटी के अध्यक्ष मुन्ना लारी ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
देवरिया में वरिष्ठ अधिवक्ता सुहेल लारी को श्रद्धांजलि:गोष्ठी का किया गया आयोजन, योगदान को किया याद
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
