देवरिया के सलेमपुर में शुक्रवार सुबह टहलते समय कृषि विभाग के एक कर्मचारी की अचानक मौत हो गई। सलेमपुर कोतवाली क्षेत्र के चेरो चौराहे पर केंद्रीय विद्यालय के सामने यह घटना हुई। स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गोरखपुर के पिपराइच निवासी जनार्दन प्रसाद (43) पुत्र स्व. सुरेश प्रसाद के रूप में हुई है। जनार्दन प्रसाद चेरो में किराए के मकान में रहते थे और कृषि विभाग, चेरो में कार्यरत थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जनार्दन प्रसाद रोज की तरह सुबह टहलने निकले थे। इसी दौरान वह सड़क किनारे अचानक गिर पड़े। उन्हें गिरता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक पूछताछ की। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदयाघात बताया जा रहा है, हालांकि स्पष्ट कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। इस आकस्मिक घटना से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। कृषि विभाग के कर्मचारियों ने अपने सहकर्मी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
देवरिया में वॉक पर निकले कृषि विभाग कर्मचारी की मौत:सलेमपुर के चेरो चौराहे पर अचानक गिरे, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
