बदायूं में दोस्त की बुजुर्ग मां की हत्या में बड़ा खुलासा हुआ है। शव पर दांत से काटे जाने के निशाने थे, जबकि उंगलियां भी चबाई थी। जांच के दौरान यह खुलासा हुआ है कि आरोपी अपने पिता की हत्या के आरोप में भी पहले जेल जा चुका है। देर रात तक भोलानाथ पूरी तरह होश में नहीं था, जिसके कारण पुलिस उससे अधिक पूछताछ नहीं कर पाई है। पुलिस के अनुसार, भोलानाथ ने कई साल पहले अपने पिता मोहनलाल की हत्या की थी। नशे के लिए पैसे न देने पर उसने इस वारदात को अंजाम दिया था। इस मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। भोलानाथ मूलरूप से बरेली जिले का रहने वाला है। उसके पिता मोहनलाल लगभग 25 साल पहले बदायूं के जरीफनगर थाना क्षेत्र के कस्बा दहगवां में आकर बस गए थे। मोहनलाल यहां सब्जी और चाट का ठेला लगाते थे। बाद में उन्होंने सहसवान के जहांगीराबाद मोहल्ले में एक छोटी सी जमीन खरीदकर कच्चा मकान बनाया था, जहां वे अपनी पत्नी और दोनों बेटों के साथ रहते थे। बताया जाता है कि भोला बचपन से ही आपराधिक प्रवृत्ति का था। बुजुर्ग महिला के छोटे बेटे की भोलानाथ से पुरानी दोस्ती थी। हाल ही में, छोटा बेटा अलीगढ़ में लगी एक नुमाइश में आइसक्रीम की दुकान पर काम करने गया था। उसने अपनी मां की देखभाल के लिए भोलानाथ को उनके पास छोड़ दिया था। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच काफी समय से गहरी दोस्ती थी। पोस्टमार्टम में खुलेंगी परतें
पुलिस भी अंदरखाने इस पूरे कांड को रेप के बाद हत्या मान रही है। इसी आशंका के चलते पंचायतनामे में भी रेप से जुड़ी जांच करने का जिक्र पुलिस ने किया है। एसएसपी डॊ. ब्रजेश सिंह ने बताया कि हर पहलू पर जांच जारी है। आरोपी पूरी तरह होश में नहीं है। मुकदमा लिखा जा चुका है। उसके होश में आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार है।
अब एक नजर पूरे मामले पर
सहसवान के मोहल्ला जहांगीराबाद के पास स्थित कछला रोड पर काशीराम आवासीय कालोनी में रहने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या शनिवार को कर दी गई। महिला पैरालाइसिस से ग्रसित थी। उसका बेटा देखभाल के लिए अपने दोस्त भोला को घर पर छोड़ गया था। लोगों की सूचना पर पहुंचे बड़े बेटे को चारपाई पर शव मिला। शव पर दांत से काटे जाने के निशान हैं। चेहरा समेत हाथ ही उंगली भी चबाई गई है। महिला के कपड़े भी अस्त-व्यस्त मिलने के कारण रेप के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। आरोपी को पुलिस ने नशे की हालत में पकड़ा है औऱ उससे पूछताछ की जा रही है। आधी रात तक वह पूरी तरह होश में नहीं आ सका था।
