धुंध-कोहरा: पंजाब में 5 की मौत, हरियाणा में 17 हादसों में 7 ने गंवाई जान

📅 Published: January 18, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

चंडीगढ़ | हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में शनिवार को ताजा बर्फबारी हुई। हालांकि, हरियाणा में लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली है। पंजाब, हरियाणा और हिमाचल में कड़ाके की सर्दी का दौर जारी है। हिमाचल में शनिवार को रोहतांग दर्रे सहित शिंकुला, बारालाचा व कुंजम दर्रे में हिमपात हुआ है। पूरी लाहौल घाटी में भी बर्फ के हल्के फाहे गिरे हैं। जम्मू-कश्मीर के कई इलाकों में भी बर्फ गिरी। वहीं, पंजाब में सुबह और रात के समय घना कोहरा छाया रहा। इससे विजिबिलिटी 50 मीटर तक पहुंच गई। सूबे में घना कोहरा 21 जनवरी तक छाया रहेगा। बठिंडा में घने कोहरे के कारण शनिवार सुबह सड़क हादसे में गुजरात पुलिस की कांस्टेबल समेत 5 लोगों की मौत हो गई। हादसा बठिंडा-डबवाली भारत माला नेशनल हाईवे पर हुआ। सभी मृतक गुजरात के बनासकांठा के रहने वाले थे और फॉर्च्यूनर से गुजरात की ओर जा रहे थे। हादसा हाईवे पर गांव गुरथड़ी के पास हुआ। यहां सड़क व पुल निर्माण चल रहा है और डिवाइडर भी आधा-अधूरा बना है। वहीं हरियाणा में रविवार रात ही घना कोहरा छा गया, जो शनिवार सुबह 10 बजे तक रहा। दृश्यता अम्बाला में शून्य, करनाल में 30, हिसार में 40 मीटर रह गई। कोहरे के कारण 8 जिलों में 17 जगह 66 वाहन आपस में टकरा गए। हादसों में 7 लोगों की मौत हो गई, 22 लोग घायल हुए हैं। यमुनानगर में एक छात्र समेत 3 की जान चली गई। कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम, चरखी दादरी, पानीपत में एक-एक मौत हुई है। करनाल में 10, झज्जर में 9, जींद में 2, यमुनानगर में एक घायल हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, 21 जनवरी तक कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। अम्बाला, कुरुक्षेत्र, कैथल व करनाल में 18 को घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लापरवाही: आधे-अधूरे डिवाइडर के पास न साइन बोर्ड, न सफेद पट्टी बठिंडा में हुए हादसे में नेशनल हाईवे अथॉरिटी की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जिस आधे-अधूरे डिवाइडर से गाड़ी टकराई, वहां न तो कोई साइन बोर्ड लगाया गया था और न ही 100 मीटर पर कोई सफेद पट्टी थी। इसके चलते गाड़ी चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और गाड़ी उससे टकरा गई। गाड़ी की स्पीड भी 120 से ज्यादा बताई जा रही है। जिस समय हादसा हुआ, तब कोहरे के कारण विजिबिलिटी 100 से 200 मीटर थी। हादसे के बाद हाईवे अधिकारियों ने गलती सुधारते हुए एकाएक एक ड्रम में मिट्टी भरकर उस पर ​सिग्नल लाइट का पोल गाड़ दिया। रोहतांग, बारालाचा और कुंजम दर्रा पर्यटकों के लिए है बंद सर्दियों के चलते रोहतांग सहित बारालाचा व कुंजम दर्रा पर्यटकों के लिए बंद है जबकि हिमपात के चलते शनिवार को शिंकुला दर्रा भी पर्यटकों के लिए बंद रखा गया। इसके चलते पर्यटक दारचा तक ही जा पाए । फिलहाल अब हालात सामान्य होने तक पर्यटकों को 4×4 वाहनों में जांस्कर समदो तक ही भेजा जाएगा। हरियाणा में 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री बढ़ा है। अब यह सामान्य की श्रेणी में आ गया है। पंजाब में धूप खिलने से 3 डिग्री बढ़ा पारा पंजाब में शनिवार को दिन के समय धूप निकलने से दिन का तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक बढ़ोतरी के साथ 22 डिग्री तक पहुंच गया। सूबे में सबसे अधिक पारा रोपड़ में 22 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि न्यूनतम पारा 5 से 8 डिग्री तक दर्ज किया गया है। 22 और 23 जनवरी को बारिश का अलर्ट है। 19 जनवरी को भी वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर रहेगा, पर ये ज्यादा असरदार नहीं है। उधर, हिमाचल में 22 और 23 जनवरी को अच्छी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। कोहरे में ओवरस्पीड गाड़ी चलाने से होते हैं हादसे कोहरे में सफर करने से बचें। बठिंडा में हुए हादसे में कोहरा और धुंध के बावजूद गाड़ी की गति नियंत्रित नहीं थी। धुंध के कारण जब तक डिवाइडर दिखा होगा, तब तक ब्रेक लगाने का समय नहीं बचा होगा। आगे: 22-23 को बारिश के आसार मौसम विभाग के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ 19 जनवरी तो दूसरा 21 जनवरी को असर दिखाएगा। 19 जनवरी के पश्चिमी विक्षोभ से बादल छा सकते हैं। 21 जनवरी के पश्चिमी विक्षोभ के कारण 22-23 जनवरी को बूंदाबांदी या मध्यम बारिश की संभावना है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *