जालौन जनपद के नदीगांव थाना क्षेत्र स्थित कन्हरी नहर में डूबे एक ग्रामीण का शव 30 घंटे बाद भी बरामद नहीं हो सका है। नहर में तेज बहाव और ओवरफ्लो के कारण एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों को तलाश अभियान में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। घटना गुरुवार सुबह की है, जब कन्हरी गांव निवासी 52 वर्षीय हरदयाल बंशकार पुत्र सुक्खे शौच के लिए घर से निकले थे। नहर किनारे उनका पैर फिसल गया और वे तेज बहाव में बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे पानी में लापता हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की, लेकिन कई घंटों तक कोई सफलता नहीं मिली। परिजनों और ग्रामीणों ने शुरुआती खोजबीन अभियान में लापरवाही का आरोप लगाया है। इसके विरोध में आक्रोशित ग्रामीणों ने परिजनों के साथ मिलकर कोंच–नदीगांव मार्ग पर जाम लगा दिया था। प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया। वर्तमान में एसडीआरएफ की टीम नाव की मदद से नहर में तलाश अभियान चला रही है। नहर विभाग को पानी का स्तर कम करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे खोजबीन में आसानी हो। एहतियात के तौर पर बंगरा क्षेत्र के पास जाल भी लगाया गया है, ताकि शव के आगे बहने की स्थिति में उसे रोका जा सके। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, हरदयाल को मिर्गी के दौरे पड़ते थे। आशंका जताई जा रही है कि संभवतः पानी देखते समय उन्हें दौरा पड़ा हो और इसी कारण वे नहर में गिर गए हों। कोंच के क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद ने बताया कि एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस ग्रामीण की तलाश में जुटी हुई है और जल्द से जल्द उसे खोज लिया जाएगा।
नहर में डूबे ग्रामीण का नहीं चला पता:एसडीआरएफ तलाश में जुटी, तेज बहाव और ओवरफ्लो से तलाश में बाधा
📅 Published: February 13, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
