नोएडा में साइबर ठगों ने फोन कॉल के जरिए युवक के बैंक खाते से 1.37 लाख रुपये निकाल लिए। मोबाइल हैक कर ठगी को अंजाम दिया गया। पीड़ित ने अज्ञात के खिलाफ सेक्टर-49 थाने में केस दर्ज कराया है। जिन खातों में ठगी की रकम गई है, उनकी जांच की जा रही है। केवाईसी अपडेट के लिए दिया फोन नंबर
सेक्टर-49 के हिंडन विहार सोसाइटी निवासी आशुतोष दुबे ने बताया कि पांच फरवरी को उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को एक बैंक का अधिकारी बताते हुए केवाईसी अपडेट कराने की बात कही। उसने आशुतोष को भरोसा दिलाते हुए कहा कि प्रक्रिया पूरी करने के लिए दिए गए नंबर पर कॉल करना होगा। फोन करते ही कटने लगे पैसे
जैसे ही पीड़ित ने बताए गए नंबर पर कॉल किया, कुछ ही देर में उनके मोबाइल पर बैंक से जुड़े एसएमएस आने लगे। थोड़ी ही देर बाद उनके बैंक खाते से 1 लाख 37 हजार रुपये की रकम ऑनलाइन ट्रांसफर हो गई। यह ट्रांजेक्शन बिना उनकी अनुमति के किया गया। जब उन्हें खाते से पैसे कटने की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने स्थानीय सेक्टर-49 थाने में भी लिखित शिकायत देकर अज्ञात आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मोबाइल किया गया हैक
पीड़ित का दावा है कि मोबाइल हैक कर ठगी को अंजाम दिया गया। पुलिस की जांच में सामने आया है कि ठगों ने तकनीकी तरीके से पीड़ित के बैंक खाते की जानकारी हासिल कर रकम निकाली है। वहीं शिकायतकर्ता का कहना है उसने किसी से भी अपने बैंक की गोपनीय जानकारी साझा नहीं की थी,फिर भी खाते से पैसे निकल गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रांजेक्शन से जुड़े खातों की जांच
साइबर सेल की टीम ट्रांजेक्शन से जुड़े बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन ठगी का प्रयास हो तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं और नजदीकी थाने को भी सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर रकम रिकवर करने की कोशिश की जा सके।
नोएडा में मोबाइल हैक करके निकाले 1.37 लाख:केवाईसी अपडेट कराने के लिए किया था फोन, एकाउंट से कटे पैसे
📅 Published: February 9, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
