हरियाणा के पंचकूला में साइबर ठगों ने एयरफोर्स के एक रिटायर्ड अधिकारी से 3 लाख 82 हजार रुपए की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच की जा रही है। पंचकूला के एमडीसी सेक्टर-5 निवासी मोहिंद्रपाल ने बताया कि वह एयरफोर्स से रिटायर हैं। उनके घर के गैस चूल्हे में लीकेज थी, जिसके चलते उन्होंने एरिया में गैस इंस्टालमेंट करने वाले व्यक्ति को फोन किया। करीब 10 मिनट बाद ही उनके पास एक कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को अडानी गैस का प्रतिनिधि बताया। कॉलर ने मोहिंद्रपाल से गैस कनेक्शन नंबर मांगा। जब वह नंबर याद नहीं आया तो उन्होंने बाद में बताने की बात कही। इसके बाद कॉलर ने कहा कि वह एक लिंक भेज रहा है, जिस पर क्लिक करके जानकारी चेक करनी है। लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़ गए लाखों रुपए मोहिंद्रपाल ने बताया कि उन्होंने लिंक पर क्लिक करने से मना किया, लेकिन कॉलर ने कहा कि उनका गैस बिल पेंडिंग है और 12 रुपए का भुगतान करना होगा। जैसे ही उन्होंने लिंक खोला, उनके फोन पर मैसेज आया कि उनका व्हाट्सएप दूसरे नंबर पर फॉरवर्ड हो गया है। कुछ ही देर बाद उनके क्रेडिट कार्ड से 3 लाख 82 हजार रुपए कटने का मैसेज आया। पुलिस ने शुरू की जांच साइबर थाना पुलिस के जांच अधिकारी एसआई प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उन्हें होल्ड करवाने की प्रक्रिया जारी है। फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और ठगों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पंचकूला में एयरफोर्स के रिटायर्ड ऑफिसर से फ्रॉड:गैस लीकेज के बहाने ठगों ने रचा जाल; क्रेडिट कार्ड से उड़ाए 3.82 लाख रुपए
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
