पंचकूला में साइबर ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए साइबर क्राइम थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शेयर मार्केट में अधिक मुनाफे का लालच देकर लाखों रुपए की ठगी से जुड़ा मामला है। पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सितंबर में उसे वॉट्सऐप के माध्यम से शेयर मार्केट में मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने एक लिंक भेजकर एक ऐप डाउनलोड करवाई, जिसके जरिए अलग-अलग समय पर शिकायतकर्ता से कुल 16 लाख 30 हजार रुपए की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर साइबर क्राइम थाना में भारतीय न्याय संहिता की धारा 316(2), 318(4), 61(2) के तहत 20 नवंबर, 2025 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। दिल्ली से गिरफ्तार किए आरोपी साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह के नेतृत्व में जांच अधिकारी रविंद्र कुमार ने पहले आरोपी अरुण कुमार वासी गांव धमतान साहिब को गिरफ्तार किया। आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने इस ठगी गिरोह में शामिल अन्य तीन आरोपियों मोहम्मद राशिद निवासी दिल्ली, मोहम्मद आलम खां निवासी दिल्ली तथा जसबीर सिंह निवासी पंजाब को 22 जनवरी को गिरफ्तार किया। 3 दिन के रिमांड पर आरोपी पूछताछ के बाद आरोपी अरुण कुमार, मोहम्मद आलम खां और जसबीर सिंह को आज न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि आरोपी मोहम्मद राशिद को आज न्यायालय में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। जांच के दौरान अन्य आरोपियों की भी संदिग्ध भूमिका सामने आई है, जिसके चलते पुलिस द्वारा हरियाणा सहित बाहरी राज्यों में लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पंचकूला में 16 लाख की साइबर ठगी का खुलासा:शेयर मार्केट में मुनाफे का झांसा देकर फंसाया; 4 आरोपी गिरफ्तार, 2 दिल्ली के रहने वाले
📅 Published: January 23, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
