हरियाणा के पंचकूला में एयरफोर्स के रिटायर अधिकारी से 3 लाख 82 हजार रुपए का फ्रॉड कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जाचं शुरू कर दी है। जिन खातों में रकम ट्रांसफर हुई है, उनकी जांच चल रही है। पंचकूला के एमडीसी सेक्टर-5 में निवासी मोहिंद्रपाल ने बताया कि वह एयरफोर्स से रिटायर है। उसके घर पर गैस चूल्हे में लीकेज थी तो उसने एरिया में गैस इंस्टालमेंटर करने वाले को फोन किया। जिसके 10 मिनट बाद ही उसके पास फोन आया और उसे बताया कि अडानी गैस से बोल रहे हैं। पीड़ित से गैस कनेक्शन नंबर मांगा गया। कनेक्शन नंबर याद नहीं आया तो उसने बाद में बताने के लिए कहा। अडानी गैस का प्रतिनिधि बनकर फोन करने वाले ने कहा कि मैं लिंक भेज रहा हूं, आप उस पर चेक करके बता देना। मैंने मना कर दिया तो मुझसे कहा कि आपका बिल पेंडिंग है, आप पे कर दीजिए। मुझसे कहा कि वो 12 रुपए पे कर एक लिंक भेज रहा है। जिसके तुरंत बाद ही मेरे फोन पर मैसेज आया कि मेरा वॉटसएप दूसरे नंबर पर फारवर्ड हो गया है। इसी दौरान मुझे 3 लाख 82 हजार रुपए क्रेडिट कार्ड से कटने का मैसेज आया। चल रही है जांच : SI प्रदीप साइबर थाना पुलिस के जांच अधिकारी SI प्रदीप कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जिन खातों में पैसे ट्रांसफर हुए हैं, उन्हें होल्ड करवाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल जांच चल रही है।
पंचकूला रिटायर्ड एयरफोर्स अधिकारी के साथ फ्राॅड:गैस कंपनी का प्रतिनिधि बन किया फोन, लिंक पर क्लिक किया क्रेडिट कार्ड से उड़ाए पौने 4 लाख
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
