पंजाब में ठंड ने 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ा:संगरूर में धुंध में पेड़ से टकराई बस, 7 घायल; सभी जिलों में बारिश की चेतावनी

📅 Published: February 1, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने फरवरी के पहले दिन से ही करवट ले ली है। शनिवार देर रात फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, रूपनगर, पटियाला, पठानकोट, चंडीगढ़ समेत कई जगह बारिश हुई, जिसके बाद रविवार सुबह से हल्की धुंध छाई रही। वहीं संगरूर में घनी धुंध के कारण प्राइवेट कंपनी की बस पेड़ से टकराई। बसमें 10 कर्मचारी सवार थे, जिसमें से 7 घायल हो गए, इसमें एक गर्भवती महिला भी शामिल है। फिलहाल सभी खतरे से बाहर हैं। मौसम विभाग चंडीगढ़ ने आज (1 फरवरी को) पंजाब के सभी जिलों में बारिश की संभावना जताई है। वहीं 14 जिलों में आंधी और बिजली गिरने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इस बार जनवरी का महीना पिछले 15 सालों में सबसे ज्यादा ठंडा रहा। साथ ही 3 जिलों को छोड़कर पूरे प्रदेश में मानसून की तरह जनवरी में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी में औसतन तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। लगातार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहने से ठंड का असर ज्यादा देखने को मिला। अब फरवरी की शुरुआत के साथ मौसम में बदलाव होने लगा है। बारिश से तापमान में और गिरावट आ सकती है, हालांकि फरवरी के दौरान ठंड का असर धीरे-धीरे कम होता जाएगा। मानसून की तरह हुई जनवरी में बारिश पंजाब में इस साल जनवरी में 18 दिन लगातार कोहरा पड़ने के बाद मौसम बादला है। फाजिल्का, मुक्तसर और फिरोजपुर को छोड़कर प्रदेश के सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई, जबिक ऐसा सिर्फ मानसनू सीजन में होता है। लेकिन इस बार जनवरी में इन तीन जिलों को छोड़कर सभी जिलों में बारिश दर्ज की गई। गेहूं की फसल के लिए फायदेमंद बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ी है, जिससे गेहूं और अन्य रबी फसलों को फायदा पहुंचा है। विशेषज्ञों का कहना है कि हल्की से मध्यम बारिश फसलों के लिए अनुकूल मानी जाती है। जनवरी के दौरान मालवा क्षेत्र में ठंड का असर ज्यादा रहा। कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे दर्ज किया गया। पंजाब में पिछले 24 घंटों में दिन के अधिकतम तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस फरीदकोट में दर्ज किया गया। अगले 24 घंटों में रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, जबकि दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। इन जिलों में आंधी-बिजली गिरने की चेतावनी मौसम विभाग चंड़ीगढ़ के मुताबिक, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली समेत 14 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। दूसरी ओर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली में कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। जबकि फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, बरनाला और मानसा में गिने-चुने स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं। 3 फरवरी से नया सिस्टम एक्टिव होगा मौसम विभाग के अनुसार, 2 फरवरी की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसके बाद 3 फरवरी 2026 की रात से एक और पश्चिमी विक्षोभ के असर में आने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी ईरान के ऊपर ऊंचाई पर बना पश्चिमी विक्षोभ अभी भी सक्रिय है, जिसका असर मौसम पर बना हुआ है। वहीं, उत्तर भारत के ऊपर तेज़ रफ्तार वाली जेट स्ट्रीम हवाएं चल रही हैं। इस दौरान पटियाला और अमृतसर में शीत लहर दर्ज की गई है। कुछ इलाकों में विजिबिलिटी 40 मीटर से भी कम रही। मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरिंदर पाल ने बताया कि राज्य में 1 फरवरी को कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *