पत्नी की दूसरी शादी रोकने पहुंचे पति से मारपीट:शामली में दूसरे वाले पति के साथ कार में निकली

📅 Published: February 10, 2026 | 📂 Category: Uncategorized

शामली में एक विवाह समारोह उस समय हंगामे में बदल गया। जब एक युवक अपनी पत्नी की दूसरी शादी रुकवाने के लिए मौके पर पहुंच गया। विदाई की रस्म के दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद जमकर मारपीट हुई। जिसमें दूल्हे का पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सामने आया है। मामला शामली कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बलभद्र मंदिर वाली गली का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मेरठ निवासी अजय पुनिया मंगलवार को अपने माता-पिता, बहनों और अन्य परिजनों के साथ विवाह स्थल पर पहुंचे थे। उस समय दुल्हन की विदाई हो रही थी। अजय पुनिया का आरोप है कि उनका विवाह करीब छह वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर जिले के फुगाना गांव की युवती से हुआ था और उनसे एक बेटी भी है। उन्होंने बताया कि पत्नी का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके चलते वह कुछ समय से मायके में रह रही थी।
अजय का कहना है कि उनका मामला अभी न्यायालय में विचाराधीन है और अब तक तलाक नहीं हुआ है, इसके बावजूद पत्नी की दूसरी शादी कर दी गई। आरोप है कि जब अजय और उसके परिजनों ने दुल्हन की कार को रोकने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इस दौरान दूल्हे के पिता को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि पहले पति के मौके पर पहुंचने के बावजूद महिला नहीं रुकी और अपने नए पति के साथ कार में बैठकर चली गई। घटना के बाद पीड़ित पक्ष शामली कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और न्यायालय में लंबित प्रकरण के तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *