प्रयागराज के धूमनगंज नीम सराय मोहल्ले में 18 वर्षीय शमशाद उर्फ अल्लू की बम और गोली मारकर की गई हत्या के मामले में चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। चश्मदीद रिश्तेदारों के मुताबिक, हमलावरों ने पहले बम फेंका और फिर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान बदमाश चिल्ला रहे थे— “आज कोई बचकर न जाए, घर के हर मर्द को खत्म कर देंगे।” पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास और विस्फोटक अधिनियम समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। बाइक–ई-रिक्शा टक्कर से शुरू हुआ विवाद इस घटना के प्रत्यक्षदर्शी और घायल शमीम ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे बाइक और ई-रिक्शा की टक्कर को लेकर कुछ लोगों में झगड़ा हो रहा था। वह बीच-बचाव के लिए पहुंचा तो आरोप है कि निक्के उर्फ मोहम्मद इस्माइल ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में शमीम की बाईं आंख के पास गंभीर चोट आई। घायल अवस्था में परिजन उसे ट्रांसपोर्ट नगर पुलिस चौकी लेकर पहुंचे, जहां लिखित शिकायत दी गई। ललकार कर बोले– बच के जाने न पाए शमीम के मुताबिक, शिकायत देकर लौटते वक्त ही निक्के उर्फ इस्माइल अपने साथियों के साथ दोबारा पहुंचा, इस बार सभी के हाथों में कट्टे और बम थे। एक आरोपी ने ललकारते हुए कहा— “आज बच के जाने न पाए।” इसके बाद अचानक बम फेंके गए और फायरिंग शुरू हो गई। इसी दौरान शमीम को बचाने के लिए शमशाद उर्फ अल्लू आगे बढ़ा, तो हमलावरों ने उसे खदेड़कर गोली मार दी। एक गोली उसकी गर्दन में और दूसरी कंधे के पास लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। बम के छर्रों से कई घायल, धमकी देकर फरार परिजनों द्वारा विरोध करने और शोर मचाने पर हमलावरों ने बम भी फेंके। बम के छर्रे लगने से शमीम समेत तीन अन्य लोग घायल हो गए। इसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इन पर दर्ज हुआ मुकदमा पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपियों में , निक्के उर्फ मोहम्मद इस्माइल, वैस, कैस उर्फ गोलू, इमरान, युसूफ के अलावा तीन अन्य अज्ञात शामिल हैं। ACP बोले धूमनगंज एसीपी अजयेंद्र यादव ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। हमलावरों की तलाश में 3 टीमें लगाई गई हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
पहले बम चलाए, फिर की अंधाधुंध फायरिंग:‘घर के हर मर्द को खत्म कर देंगे’ कहकर वारदात, पूर्व सांसद के करीबी की हत्या में 8 पर FIR
📅 Published: January 23, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
