कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र में एक कारोबारी से पाम आयल दिलवाने के नाम पर 5.51 लाख रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। कारोबारी ने इस संबंध में चकेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित कारोबारी ऋषभ महाजन ने बताया कि वह रिफाइंड तेलों की ट्रेडिंग करते हैं और उनकी कंपनी का नाम दर्शन ट्रेडिंग है। फरवरी 2024 में उनकी मुलाकात लालबंगला में घाटमपुर निवासी विनय पांडेय और प्रतापगढ़ निवासी अवधेश यादव से हुई थी। इन आरोपियों ने उन्हें पश्चिम बंगाल से सस्ता पाम आयल दिलवाने का झांसा दिया। विनय और अवधेश ने ऋषभ की मुलाकात सुरजीत मैटी और उनकी पत्नी रिचा मैटी से करवाई। इनके साथ 9750 किलो पाम आयल का सौदा 5.51 लाख रुपए में तय हुआ। ऋषभ ने NEFT के माध्यम से यह राशि आरोपियों को भेज दी, जिसके बदले में उन्हें कूटरचित दस्तावेज दिए गए। भुगतान के बाद जब माल नहीं पहुंचा तो आरोपियों ने पाम आयल खराब होने का बहाना बनाना शुरू कर दिया। ऋषभ ने जब पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोपियों ने उन्हें फर्जी मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी। चकेरी थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है।
पाम आयल के नाम पर 5.51 लाख की ठगी:कानपुर में रुपए मांगने पर आरोपियों ने जेल भेजने की धमकी दी
📅 Published: January 27, 2026 |
📂 Category: Uncategorized
