जौनपुर के केराकत कोतवाली क्षेत्र के टड़वा गांव में 18 माह की बच्ची रुतबी को गोमती नदी में फेंकने के आरोप में उसके पिता अशोक विश्वकर्मा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। बच्ची घटना के 48 घंटे बाद भी लापता है। यह मुकदमा बच्ची की मां संजू विश्वकर्मा की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया है। बच्ची की तलाश में गोताखोरों और केराकत पुलिस की टीम लगातार गोमती नदी के किनारों और गहरे हिस्सों में अभियान चला रही है। सुबह से देर शाम तक नावों और रस्सों की मदद से कई जगहों पर छानबीन की गई, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिला है। गोताखोरों ने बताया कि ठंड के कारण पानी का तापमान काफी कम है, जिससे शव को सतह पर आने में अधिक समय लगता है। इस वजह से खोज अभियान और भी चुनौतीपूर्ण हो गया है। रुतबी की मां संजू विश्वकर्मा बेटी के लापता होने और पति के इस कृत्य से गहरे सदमे में हैं। उन्होंने कुछ खाया-पीया नहीं है, जिससे उनकी तबीयत बिगड़ गई है। उनकी दोनों बड़ी बेटियां उनकी देखभाल कर रही हैं। गांव के लोग भी इस घटना से आक्रोशित हैं। ग्रामीण आरोपी पिता के इस कृत्य की कड़ी निंदा कर रहे हैं। गांव में शोक और गुस्से का माहौल है। आरोपी पिता अशोक विश्वकर्मा को पुलिस ने हिरासत में ले रखा है। पुलिस पूछताछ कर रही है, लेकिन वह घटना को लेकर चुप्पी साधे हुए है। रुतबी की मां संजू विश्वकर्मा की तहरीर पर पुलिस ने पिता के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी दीपेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि खोज अभियान को और तेज कर दिया गया है। नदी के अगले हिस्सों और संभावित बहाव क्षेत्रों को चिह्नित कर अतिरिक्त टीमें तैनात की गई हैं।
पिता पर बच्ची को नदी में फेंकने का आरोप:18 माह की रुतबी 48 घंटे बाद भी लापता, हत्या का केस दर्ज
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
