कानपुर देहात के मूसानगर कस्बे स्थित परमधाम आश्रम में शुक्रवार को सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। ब्रह्मलीन पूज्य स्वामी अच्युतानंद शास्त्री जी महाराज के 33वें निर्माण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित इस सम्मेलन में 51 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम 33वें भक्ति योग वेदांत सम्मेलन का हिस्सा था। विवाह समारोह में 51 कन्याएं दुल्हन की तरह सजी थीं, वहीं दूल्हे भी पगड़ी पहने पहुंचे। सभी विवाह पूरे रीति-रिवाज और वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराए गए। समारोह स्थल पर मौजूद महिलाओं ने लोकगीत गाकर खुशी का इजहार किया। कन्याओं को उपहार स्वरूप पलंग, अलमारी, बक्सा, स्टील के बर्तन, कुर्सियां, श्रृंगारदानी और रसोई का सामान भेंट किया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक को शामिल होना था। इसके लिए कानपुर देहात जिला प्रशासन ने कार्यक्रम स्थल पर व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। जनपद के सभी थानों के पुलिस बल के साथ ही दूसरे जनपदों से भी पुलिस बल तैनात किया गया था। हालांकि, निजी कारणों से उप मुख्यमंत्री का दौरा रद्द हो गया। कार्यक्रम की आयोजक पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने बताया कि यह आयोजन उनके गुरुदेव ब्रह्मलीन पूज्य स्वामी अच्युतानंद शास्त्री जी महाराज के 33वें निर्माण दिवस के उपलक्ष्य में किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम 14 नवंबर को शुरू हुआ था और 51 बेटियों की शादी के साथ इसका समापन हो गया। साध्वी निरंजन ज्योति ने 51 कन्याओं का कन्यादान करने का अवसर मिलने पर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया। उन्होंने वर पक्ष के परिजनों का भी धन्यवाद किया और सभी उपस्थित लोगों से भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने की अपील की।
पूर्व केंद्रीय मंत्री ने 51 युवतियों का कन्यादान किया:कानपुर देहात में डीप्टी CM नहीं पहंचे, साध्वी निरंजन ज्योति बोलीं-यह मेरा सौभाग्य
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
